17 अगस्त तक रोज चलेगी ट्रेन, गया से जसीडीह-मधुपुर तक मिलेगी आसान कनेक्टिविटी
डीडीयू/हाजीपुर, 8 अगस्त। श्रावणी मेला में जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूर्व मध्य रेल ने डीडीयू–गया के बीच अनारक्षित श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन का परिचालन शुरू किया है। ट्रेन संख्या 03656/03655 डीडीयू–गया–डीडीयू का परिचालन 8 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक प्रतिदिन किया जा रहा है। यह ट्रेन सासाराम, डेहरी ऑन सोन और अनुग्रह नारायण रोड के रास्ते डीडीयू और गया के बीच चलेगी।
इस ट्रेन के संचालन से डीडीयू, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, अनुग्रह नारायण रोड समेत मार्ग के अन्य स्टेशनों से गया जाने वाले श्रद्धालुओं को आगे जसीडीह और मधुपुर तक पहुंचने के लिए बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। गया से ट्रेन संख्या 03654 गया–मधुपुर श्रावणी मेला स्पेशल के जरिए श्रद्धालु जसीडीह तक आगे की यात्रा कर सकेंगे।
सुबह 9:30 बजे डीडीयू से खुलेगी ट्रेन
ट्रेन संख्या 03656 डीडीयू–गया श्रावणी मेला स्पेशल डीडीयू से सुबह 9:30 बजे रवाना होगी। यह 10:20 बजे भभुआ रोड, 11:02 बजे सासाराम, 11:28 बजे डेहरी ऑन सोन और 11:50 बजे अनुग्रह नारायण रोड पहुंचते हुए 14:05 बजे गया पहुंचेगी।
गया से आगे ट्रेन संख्या 03654 गया–मधुपुर श्रावणी मेला
स्पेशल शाम 5:00 बजे रवाना होगी। तिलैया, नवादा, शेखपुरा और किउल के रास्ते यह ट्रेन रात 1:10 बजे जसीडीह और 2:20 बजे मधुपुर पहुंचेगी। डीडीयू से आने वाले यात्रियों को गया में अगली ट्रेन पकड़ने के लिए 2 घंटे 55 मिनट का समय मिलेगा।
वापसी में भी मिलेगी सुविधाजनक कनेक्टिविटी
वापसी में ट्रेन संख्या 03653 मधुपुर–गया श्रावणी मेला स्पेशल मधुपुर से रात 2:50 बजे खुलेगी और विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए दोपहर 12:00 बजे गया पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन संख्या 03655 गया–डीडीयू श्रावणी मेला स्पेशल गया से दोपहर 3:00 बजे रवाना होगी।
यह ट्रेन 4:12 बजे अनुग्रह नारायण रोड, 4:34 बजे डेहरी ऑन सोन, 4:56 बजे सासाराम और 5:38 बजे भभुआ रोड पहुंचते हुए शाम 6:50 बजे डीडीयू पहुंचेगी। मधुपुर से आने वाले श्रद्धालुओं को गया में अगली ट्रेन पकड़ने के लिए करीब 3 घंटे का अंतराल मिलेगा।
रेलवे की इस व्यवस्था से डीडीयू और मार्ग के विभिन्न स्टेशनों से गया होते हुए जसीडीह-मधुपुर जाने तथा वापसी में मधुपुर से गया होते हुए डीडीयू और अन्य स्टेशनों तक आने वाले श्रावणी मेले के श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुविधाजनक रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।