चंदौली में पतंजलि के थोक व्यापारी से 1.20 लाख की लूट, सिर पर डंडे से वार कर बदमाश फरार

बलुआ थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात सकलडीहा से तगादा कर घर लौट रहे पतंजलि के थोक व्यापारी रतन बरनवाल से चार नकाबपोश बदमाशों ने मारपीट कर करीब 1.20 लाख रुपये नकद सहित बैग लूट लिया। सिर पर चोट लगने से व्यापारी घायल हो गए। घटना के बाद व्यापारियों में दहशत और आक्रोश है।

चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात सकलडीहा से तगादा कर बाइक से घर लौट रहे पतंजलि के थोक व्यापारी रतन बरनवाल को चार नकाबपोश बदमाशों ने रास्ते में रोककर लाठी-डंडों से पीट दिया। सिर पर डंडे से वार कर घायल करने के बाद बदमाश उनका बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में करीब 1.20 लाख रुपये नकद, डायरी और दुकान के बिल रखे थे। घटना बलुआ थाने से करीब एक किलोमीटर दूर सराय टेढ़की पुलिया के पास हुई। घायल व्यापारी ने बलुआ थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी है। वारदात से क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत और आक्रोश व्याप्त है।

बलुआ सराय गांव निवासी रतन बरनवाल चहनिया कस्बे में पतंजलि के थोक व्यापारी हैं। शुक्रवार रात वह सकलडीहा क्षेत्र में व्यापारियों से बकाया रकम की वसूली कर बाइक से अपने घर सराय लौट रहे थे। बताया गया कि सराय टेढ़की पुलिया से करीब 50 मीटर दूर रानेपुर मार्ग पर तिराहे के पास चार मुंह बांधे बदमाशों ने उनकी बाइक रोक ली।

बाइक रुकते ही बदमाशों ने व्यापारी पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर पर चोट लगने से वह सड़क पर गिर पड़े। इसके बाद बदमाश उनका बैग लेकर रानेपुर की तरफ भाग निकले। बैग में करीब 1 लाख 20 हजार रुपये नकद के अलावा डायरी और दुकान के बिल रखे हुए थे।

अचानक हुए हमले के बाद व्यापारी जब तक शोर मचाकर मदद मांगते, तब तक बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो चुके थे। घायल अवस्था में रतन बरनवाल तत्काल बलुआ थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए तहरीर दी।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बलुआ पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस वारदात स्थल के आसपास के रास्तों और घटना से जुड़े संभावित सुरागों को खंगाल रही है। हालांकि, अभी तक बदमाशों की पहचान अथवा गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है।

व्यापारी के साथ हुई लूट की घटना से चहनिया क्षेत्र के व्यापारियों में नाराजगी है। चहनिया उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष भानु प्रताप यादव ने कहा कि व्यापारियों के साथ इस तरह की घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने पुलिस से जल्द घटना का खुलासा कर बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापार मंडल आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

घटना के बाद व्यापारियों ने रात के समय प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की है। फिलहाल बलुआ पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

बलुआ थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात सकलडीहा से तगादा कर घर लौट रहे पतंजलि के थोक व्यापारी रतन बरनवाल से चार नकाबपोश बदमाशों ने मारपीट कर करीब 1.20 लाख रुपये नकद सहित बैग लूट लिया। सिर पर चोट लगने से व्यापारी घायल हो गए। घटना के बाद व्यापारियों में दहशत और आक्रोश है