यूनियन बैंक ऑफ इंडिया की 108 वर्षों की गौरवशाली यात्रा, केक काटकर मनाया स्थापना दिवस; राष्ट्र निर्माण में योगदान को सराहा

वर्ष 1919 से शुरू हुआ यूनियन बैंक ऑफ इंडिया का सफर 108 वर्षों की गौरवशाली विरासत बन चुका है। किसानों को आर्थिक संबल देने, एमएसएमई क्षेत्र को प्रोत्साहित करने और पूर्वांचल के आर्थिक विकास में योगदान के साथ बैंक ने बैंकिंग सेवाओं से आगे बढ़कर राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका स्थापित की है।

चंदौली। यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के 108वें स्थापना दिवस पर चंदौली स्थित क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से राधा कृष्ण पैलेस में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। दीप प्रज्ज्वलन और केक काटकर बैंक की गौरवशाली यात्रा का जश्न मनाया गया। इस अवसर पर बैंक की उपलब्धियों, राष्ट्र निर्माण में योगदान और ग्राहकों के साथ वर्षों से कायम विश्वास को रेखांकित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) धर्मेंद्र कुमार सिंह रहे, जबकि अध्यक्षता क्षेत्रीय प्रमुख राजीव कुमार सिंह ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, क्षेत्रीय प्रमुख राजीव कुमार सिंह, क्षेत्रीय आश्वासन प्रमुख अभिषेक, ईबीसी प्रमुख पंकज कुमार सिंह, वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों और सम्मानित ग्राहकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद केक काटकर स्थापना दिवस की खुशियां साझा की गईं।

स्वागत संबोधन में क्षेत्रीय प्रमुख राजीव कुमार सिंह ने वर्ष 1919 से शुरू हुई बैंक की 108 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने चंदौली क्षेत्र की उपलब्धियों को साझा करते हुए कहा कि ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना, वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देना, डिजिटल बैंकिंग का विस्तार करना और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना बैंक की प्राथमिकता है। उन्होंने इन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए कर्मचारियों की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

मुख्य अतिथि धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बैंक के 108वें स्थापना दिवस पर पूरे बैंकिंग परिवार को बधाई दी। उन्होंने राष्ट्र निर्माण में बैंक की दीर्घकालिक सेवाओं, किसानों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को आर्थिक सहयोग तथा पूर्वांचल के विकास में बैंक के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की।

इस अवसर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी कर्मचारियों, सर्वश्रेष्ठ शाखाओं और बैंक से लंबे समय से जुड़े मूल्यवान ग्राहकों को मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया। सम्मानित ग्राहकों ने भी बैंक के साथ अपने पुराने अनुभव साझा करते हुए वर्षों से कायम विश्वास और संबंधों को रेखांकित किया।

समारोह में अग्रणी जिला प्रबंधक आशीष मिश्रा, विभिन्न शाखाओं के प्रबंधक, बैंक के अधिकारी-कर्मचारी, सेवानिवृत्त कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्राहक उपस्थित रहे। अंत में क्षेत्रीय प्रमुख राजीव कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, कर्मचारियों और ग्राहकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद प्रस्ताव के साथ कार्यक्रम का समापन किया।