वर्दी की नाक के नीचे सजता था जिस्म का बाजार, रेकी की भनक तक नहीं, सीओ ने 8 को रंगे हाथ पकड़ा

अस्पताल के सामने जिस्म का बाजार सजना सिर्फ अपराध नहीं, ये समाज के मुंह पर तमाचा है। ये वर्दी के इकबाल पर सवाल है।सीओ नगेंद्र कुमार की कार्रवाई ने साबित कर दिया है कि अगर अफसर चाहे तो कोई भी गंदा खेल छिप नहीं सकता। ईमानदारी की एक रेड, पूरी व्यवस्था को हिला सकती है। लेकिन अब असली न्याय बाकी है। अगर संरक्षण देने वालों को बचा लिया गया, तो ये रेड सिर्फ दिखावा बनकर रह जाएगी। कानून को अब जड़ तक जाना होगा। जो लोग वर्दी की आड़ में इस बाजार को चलवा रहे थे, उन पर भी कार्रवाई होनी चाहिए। तभी जनता का भरोसा लौटेगा, तभी वर्दी का इकबाल कायम होगा। वरना कल फिर कहीं और, किसी और अस्पताल के सामने, नया बाजार सज जाएगा।

जिला अस्पताल के सामने चल रहे गंदे खेल का हुआ भंडाफोड़, मुख्यालय हिला, पुलिस महकमे में मची खलबली

चंदौली —जहां लोग अपनी जिंदगी बचाने के लिए जाते हैं, उसी जिला अस्पताल के सामने जिंदगियां बर्बाद करने का बाजार सजता था। दिन में अस्पताल, रात में अड्डा। वर्दी की नाक के नीचे, अफसरों के घर के बगल में, मुख्यालय की छाती पर — ये गंदा खेल चल रहा था। लेकिन सोमवार को एक अफसर ने पूरी व्यवस्था को हिला दिया। सीओ नगेंद्र कुमार ने ऐसा छापा मारा कि जिस्म के बाजार की पूरी पोल खुल गई।

बिना भनक, बिना शोर, सीधी रेड

इस बार खेल दूसरा था। सीओ ने किसी को भनक तक नहीं लगने दी। ना थाने को बताया, ना चौकी को। पहले गुपचुप रेकी कराई। कौन आता है, कौन जाता है, कब आता है — सब नोट किया गया। जब पुख्ता सबूत हाथ लग गए, तब अचानक धावा बोल दिया। टीम पहुंची तो अंदर का नजारा देखकर सब सन्न रह गए। मौके से 4 युवतियां और 4 युवक रंगे हाथ पकड़े गए। सभी को दबोचकर कोतवाली ले जाया गया।

मुख्यालय पर ये सब कैसे चल रहा था?

यही सबसे बड़ा सवाल है, यही सबसे बड़ा धमाका है। जिला मुख्यालय पर, जहां डीएम-एसपी से लेकर तमाम बड़े अफसर रहते हैं, जहां हर गली में पुलिस गश्त करती है — वहां अस्पताल के सामने ये बाजार कैसे सजता था? क्या पुलिस को खबर नहीं थी? या खबर होते हुए भी आंखें बंद थीं? क्या इस गंदे खेल को किसी का संरक्षण मिला हुआ था?

इलाके में चर्चा है कि इस धंधे के पीछे पुलिस की कथित मिलीभगत और कमीशनखोरी का खेल चल रहा था। अब सीओ की रेड ने उस कथित संरक्षण की पोल खोल दी है।

अब असली परीक्षा बाकी है

8 लोगों को पकड़ लेना बड़ी बात नहीं है। बड़ी बात ये है कि इस बाजार को सजाने वालों तक कानून पहुंचेगा या नहीं? क्या कार्रवाई सिर्फ इन 8 लोगों तक ही रुक जाएगी? या फिर इस गंदे खेल को चलवाने वाले, संरक्षण देने वाले बड़े चेहरों की गर्दन तक भी कानून का हाथ पहुंचेगा?, जनता यही देख रही है। जनता यही पूछ रही है। अपराध को सजा दिलाना ही काफी नहीं है, अपराध को संरक्षण देने वालों को सजा दिलाना ही असली न्याय है।