गो-तस्करी पर लगाम लगाने में नाकाम कन्दवा थानाध्यक्ष लाइन हाजिर

गो-तस्करी पर रोक लगाना केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था और जनविश्वास से जुड़ा अहम सवाल है। एसपी की इस कार्रवाई ने अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि थाने की जिम्मेदारी केवल पद संभालने तक सीमित नहीं, बल्कि अपराधियों पर प्रभावी शिकंजा कसने की भी है। क्षेत्र में अपराध और तस्करी पर नियंत्रण नहीं हुआ तो जवाबदेही तय होगी। वर्दी में जिम्मेदारी निभाने वालों को ही पद पर बने रहने का अधिकार है, लापरवाही करने वालों के लिए महकमे में कोई जगह नहीं।

चंदौली — गो-तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने में लापरवाही बरतना कन्दवा थानाध्यक्ष को भारी पड़ गया। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सख्त रुख अपनाते हुए थानाध्यक्ष कन्दवा उपनिरीक्षक विनोद कुमार अंचल को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि अपराध नियंत्रण में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

दरअसल, एसपी ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को गो-तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के स्पष्ट निर्देश दिए थे। इसके बावजूद कन्दवा थाना क्षेत्र में गो-तस्करी के खिलाफ अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर थानाध्यक्ष के विरुद्ध यह कदम उठाया गया।

एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को दोबारा सख्त हिदायत दी है कि अपने-अपने क्षेत्रों में रात्रि गश्त तेज रखें, संदिग्ध वाहनों की सघन जांच करें और गो-तस्करी की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाएं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।