पल्लवी पटेल की बाइक यात्रा से पूर्वांचल की सियासत में हलचल, 8 दिसंबर को लखनऊ में होगा बड़ा धमाका
सारनाथ से चंदौली होते हुए लखनऊ तक बढ़ता पल्लवी पटेल का बाइक काफिला केवल राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि रोजगार और सामाजिक भागीदारी के सवाल पर प्रदेशव्यापी लामबंदी की कोशिश है। 8 दिसंबर का विधानसभा घेराव इस अभियान की वास्तविक राजनीतिक ताकत और जनसमर्थन का अहम इम्तिहान होगा।

सारनाथ से बाइक काफिला चंदौली पहुंचा, विधानसभा घेराव का ऐलान
मुगलसराय | चन्दौली।
‘रोजगार एवं भागीदारी नहीं, तो सरकार नहीं’ के नारे के साथ अपना दल (कमेरावादी) की प्रदेशव्यापी रोजगार एवं भागीदारी मोटरसाइकिल यात्रा शुक्रवार को चंदौली पहुंची। सिराथू विधायक एवं पार्टी की शीर्ष नेता डॉ. पल्लवी पटेल के नेतृत्व में निकली इस यात्रा ने पूर्वांचल की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। यात्रा के जरिए पार्टी ने युवाओं के रोजगार, सामाजिक न्याय और सत्ता में विभिन्न वर्गों की भागीदारी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल ने गुरुवार को वाराणसी के सारनाथ से हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया था। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से गुजरने वाला यह बाइक काफिला 8 दिसंबर को लखनऊ पहुंचेगा। वहां रोजगार और भागीदारी की मांगों को लेकर विधानसभा घेराव की तैयारी है।
खुद बाइक चलाकर पल्लवी पटेल ने संभाली कमान
शुक्रवार को पूर्वाह्न करीब 11 बजे यात्रा मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र पहुंची। आईपी मॉल के पास बड़ी संख्या में जुटे पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बाइक काफिले का जोरदार स्वागत किया। इसके बाद डॉ. पल्लवी पटेल खुद मोटरसाइकिल चलाकर यात्रा का नेतृत्व करती नजर आईं। काफिले में शामिल कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मुगलसराय के विभिन्न इलाकों का भ्रमण किया। इसके बाद यात्रा मिर्जापुर जनपद के लिए रवाना हो गई।
8 दिसंबर को लखनऊ में शक्ति प्रदर्शन की तैयारी
मोटरसाइकिल यात्रा को पार्टी ने प्रदेशव्यापी राजनीतिक अभियान का रूप दिया है। इसके जरिए बेरोजगारी, युवाओं के भविष्य और सामाजिक भागीदारी जैसे मुद्दों को लेकर सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति अपनाई गई है। पार्टी नेताओं का कहना है कि 8 दिसंबर को लखनऊ में होने वाला विधानसभा घेराव इस अभियान का निर्णायक पड़ाव होगा।
ये रहे मौजूद
यात्रा में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रोफेसर गंगाराम यादव, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सीएल पटेल, प्रदेश महासचिव गगन प्रकाश यादव, राजेश प्रधान, रामशिला एडवोकेट, अभय पटेल, गुरुपुरन पटेल, संदीप पटेल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक शामिल रहे।
रिपोर्ट – रतन लाल