अर्टिगा कार बनी शराब तस्करी का जरिया, चंदौली पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा 

अर्टिगा कार में छिपाकर चंडीगढ़ से बिहार तक शराब पहुंचाने की कोशिश ने अंतरराज्यीय तस्करी के रास्तों को उजागर किया है। 216 लीटर शराब की बरामदगी और दो आरोपियों की गिरफ्तारी से तस्करों की योजना पर पानी फिर गया। अब इस खेप के पीछे सक्रिय तस्करी नेटवर्क और इसके अन्य कड़ियों तक पहुंचना पुलिस के लिए अहम चुनौती है।

चंदौली | बिहार में शराब की बड़ी खेप खपाने की तस्करों की योजना चंदौली में पुलिस की सतर्कता से नाकाम हो गई। सदर कोतवाली पुलिस ने चंदौली-सैयदराजा मार्ग पर चेकिंग के दौरान मारुति सुजुकी अर्टिगा कार से 25 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया। बरामद शराब की कुल मात्रा 216 लीटर है। शराब के टेट्रा पैक पर ‘ओनली फॉर चंडीगढ़’ अंकित मिला। पुलिस के अनुसार, तस्कर चंडीगढ़ से शराब खरीदकर बिहार में बेचने के लिए ले जा रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, 26 नवंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व में टीम चंदौली-सैयदराजा मार्ग स्थित अशोक भाई के फैमिली ढाबा के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध मारुति सुजुकी अर्टिगा कार संख्या UP14JT3236 को रोककर तलाशी ली गई। कार से ग्रैंड पार्टी ब्रांड की 180 एमएल वाली 25 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राज अभिषेक पुत्र विजय मसीह निवासी ग्राम हामिद नगर और संजय पुत्र रुकम सिंह निवासी ग्राम सदरा खेड़ा, थाना बिलासपुर, जनपद रामपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने चंडीगढ़ से शराब खरीदकर बिहार में बेचने के लिए ले जाने की बात स्वीकार की।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 545/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 में मुकदमा दर्ज किया है। तस्करी में प्रयुक्त अर्टिगा कार भी बरामद कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह, उपनिरीक्षक मारकंडेय सिंह, कांस्टेबल प्रियेश यादव और कांस्टेबल तशरीफ शामिल रहे।