शिक्षा और सामाजिक समानता के लिए महात्मा फुले का संघर्ष आज भी प्रासंगिक – अमित मौर्य

महात्मा ज्योतिबा फुले ने शिक्षा को सामाजिक समानता और सम्मान की बुनियाद बनाया। उनका जीवन बताता है कि समाज में बदलाव केवल विचारों से नहीं, बल्कि शिक्षा के अवसर हर व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प से आता है। उनकी पुण्यतिथि पर विद्यार्थियों को उनके संघर्षों से परिचित कराना नई पीढ़ी में समानता, जागरूकता और शिक्षा के प्रति जिम्मेदारी का भाव जगाने की सार्थक पहल है।

अहिकौरा में ज्योतिबा फुले की पुण्यतिथि पर आयोजन, मेधावी बच्चे सम्मानित

धानापुर, चंदौली। महात्मा ज्योतिबा राव फुले ने शिक्षा को सामाजिक बदलाव का सबसे सशक्त माध्यम बनाया और जातिवाद, छुआछूत तथा सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आजीवन संघर्ष किया। उनके विचारों और योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से शनिवार को अहिकौरा स्थित एमबीएन कोचिंग सेंटर में उनकी पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को उनके जीवन, शिक्षा और सामाजिक संघर्षों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता अमित मौर्य ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा राव फुले 19वीं सदी के महान समाज सुधारक, विचारक, दार्शनिक एवं लेखक थे। उन्होंने जातिवाद और छुआछूत के खिलाफ आवाज बुलंद की तथा महिलाओं और वंचित वर्गों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए ऐतिहासिक पहल की। उनका जन्म 11 अप्रैल 1827 को हुआ था और 28 नवंबर 1890 को पुणे में उनका निधन हुआ। वह बाल विवाह के विरोधी और विधवा विवाह के समर्थक थे।

भगवान दास कन्नौजिया एवं रजनीश बिंद ने बताया कि महात्मा फुले की पत्नी सावित्रीबाई फुले भारत की प्रथम महिला शिक्षिका थीं। दोनों ने शिक्षा और समाज सुधार के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। विद्यालयों की स्थापना कर उन्होंने महिलाओं और वंचित वर्गों के लिए शिक्षा के द्वार खोले।

इस दौरान महात्मा फुले के जीवन पर आधारित मौखिक प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई। सही जवाब देने वाले विजेता छात्र-छात्राओं को कॉपी और कलम देकर सम्मानित किया गया।

विजेता छात्र-छात्राएं

  • श्रेयांश मौर्य – कक्षा 2
  • रोशन मौर्य – कक्षा 3
  • शिक्षा कुमारी – कक्षा 4
  • ऋषभ तिवारी – कक्षा 5
  • आयुष पाल – कक्षा 6
  • प्रतीक्षा कौशिक – कक्षा 7
  • रामेश्वर कुमार – कक्षा 8
  • सपना बिंद – कक्षा 9
  • छोटी यादव – कक्षा 10
  • हर्ष विश्वकर्मा – कक्षा 10

इस अवसर पर एमबीएन कोचिंग सेंटर के शिक्षक भगवान दास कन्नौजिया, सारनाथ यादव, रजनीकांत बिंद सहित अन्य लोग एवं सभी विजेता छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।