विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2026: डीडीयू मंडल ने रचा इतिहास, 21 विभागीय शील्ड और 16 रेलकर्मी हुए सम्मानित

सटीक संवाद। डीडीयू नगर। 7 अगस्त 2026। पूर्व मध्य रेल के 71वें विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार-2026 (VRSP-2026) समारोह में पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया। पाटलिपुत्र रेल परिसर में आयोजित समारोह में डीडीयू मंडल को 8 एकल एवं 13 संयुक्त सहित कुल 21 विभागीय शील्डें प्रदान की गईं। साथ ही मंडल के 16 रेलकर्मियों को उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवाओं के लिए व्यक्तिगत विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
समारोह में पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने पुरस्कार वितरित किए। डीडीयू मंडल की ओर से मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने शाखा अधिकारियों के साथ पुरस्कार एवं शील्डें प्राप्त कीं।
डीडीयू मंडल को महाप्रबंधक का प्रतिष्ठित दक्षता (एफिशिएंसी) रनर-अप कप सोनपुर मंडल के साथ संयुक्त रूप से मिला। इसके अलावा परिचालन, संरक्षा, इंजीनियरिंग, विद्युत, यांत्रिक, सिग्नल एवं दूरसंचार, चिकित्सा, वित्त, कार्मिक और स्वच्छता सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कुल 21 विभागीय शील्डें हासिल हुईं।
मंडल को पंक्चुअलिटी एफिशिएंसी शील्ड, सेफ्टी शील्ड, ट्रैक मेंटेनेंस शील्ड, एकाउंट्स एफिशिएंसी शील्ड, बेस्ट डीजल शेड (डीडीयू), बेस्ट लोको क्रू लॉबी (डीडीयू ‘सी’ लॉबी), बेस्ट ट्रेन सेट शेड (गया) तथा क्लीनलीनेस शील्ड (बिग स्टेशन) – पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन जैसी कई प्रतिष्ठित उपलब्धियां भी प्राप्त हुईं।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने कहा कि यह उपलब्धि मंडल के प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी के सामूहिक समर्पण, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि 21 विभागीय शील्डें और 16 व्यक्तिगत पुरस्कार इस बात का प्रमाण हैं कि डीडीयू मंडल हर क्षेत्र में उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित कर रहा है। यह सम्मान भविष्य में भी सुरक्षित, समयबद्ध, विश्वसनीय एवं यात्री-केंद्रित रेल सेवाएं देने के लिए प्रेरणा देगा।
महाप्रबंधक द्वारा सम्मानित 16 रेलकर्मियों में इंजीनियरिंग, परिचालन, विद्युत, संरक्षा, कार्मिक, सामान्य प्रशासन, वाणिज्य, सिग्नल एवं दूरसंचार तथा यांत्रिक विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
डीडीयू मंडल की इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने एक बार फिर पूर्व मध्य रेल में उसकी मजबूत कार्यसंस्कृति, परिचालन दक्षता और उत्कृष्ट सेवा भावना को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई।