बेसहारा गोवंशों के संरक्षण की दिशा में बड़ा कदम, धानापुर में 400 गोवंशों की होगी देखभाल

3f0547249443

चंदौली। धानापुर विकासखंड के सिहावल गांव में नवस्थापित 400 क्षमता वाले वृहद गो संरक्षण केन्द्र का सोमवार को वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह तथा पशुधन राज्यमंत्री ने लखनऊ स्थित पशुपालन विभाग निदेशालय, बादशाहबाग के सभागार से ऑनलाइन कार्यक्रम के माध्यम से इसका शुभारंभ किया।

नवनिर्मित गो संरक्षण केन्द्र में क्षेत्र के 400 निराश्रित एवं बेसहारा गोवंशों को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जाएगा। इस केन्द्र की स्थापना का उद्देश्य सड़कों एवं खेतों में विचरण कर रहे बेसहारा गोवंशों के संरक्षण, समुचित देखभाल और बेहतर प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि गो संरक्षण केन्द्र का संचालन खंड विकास अधिकारी अथवा शासन द्वारा नामित किसी स्वयंसेवी संस्था (एनजीओ) या अधिकृत फर्म के माध्यम से कराया जाएगा। इसके तहत गोवंशों के भोजन, चिकित्सा, रखरखाव एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
लोकार्पण कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह ने सहभागिता करते हुए कहा कि गो संरक्षण केन्द्र के संचालन से क्षेत्र में बेसहारा गोवंशों की समस्या के समाधान के साथ-साथ किसानों को भी राहत मिलेगी। उन्होंने केन्द्र के सफल संचालन के लिए सभी संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राधा संघ के अध्यक्ष राजेश सिंह, विमल सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन गो संरक्षण एवं पशु कल्याण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के संदेश के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *