चंदौली — अंतिम संस्कार जा रही मैजिक ट्रक से टकराई; 17 लोग गंभीर घायल

b64d3b126372
चंदौली, 26 मई 2026 — बिहार से शव लेकर वाराणसी अंतिम संस्कार के लिए जा रही एक मैजिक वाहन मंगलवार देर रात NH-19 पर दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। सदर कोतवाली क्षेत्र के भिखारीपुर के पास तेज रफ्तार मैजिक सामने से आ रहे ट्रक से टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक के परखच्चे उड़ गए और कई लोग वाहन के अंदर फंस गए। मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना पाते ही आसपास के ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में कुल 17 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को एंबुलेंस और पुलिस वाहनों की मदद से पहले प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया और फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। कई घायलों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

सूचना के अनुसार सभी यात्री बिहार के कैमूर जनपद के चैनपुर थाने के भवखड़ा गांव के निवासी थे और वे एक शव लेकर वाराणसी अंतिम संस्कार के लिए जा रहे थे। हादसे के कारण NH-19 पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन पीड़ितों के परिजनों से संपर्क कर रहे हैं; उपचार व आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *