सत्कार निधि लिमिटेड’ के नाम पर देशभर को ठगते, दो ठग गिरफ्तार 2 मोबाइल बरामद 
चंदौली — जिले में साइबर ठगी का जाल फिर एक बार फोड़ा गया। रविवार को फिर मुगलसराय पुलिस ने सकलडीहा स्टैंड के पास से ‘सत्कार निधि लिमिटेड’ के नाम पर निवेश और लोन के बहाने लोगों को ठगने वाले गिरोह के दो सदस्यों को दबोच लिया। इन आरोपियों की पहचान सतीश राय (36) निवासी झांसी- सागर (मध्यप्रदेश) और शेखर कुशवाहा निवासी बकुआ थाना चंदौली के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार गिरोह का ढांचा पुराने तरह का था। वे लोगों को भारी मुनाफे, तेज रिटर्न और आसान लोन का झांसा देकर आकर्षित करते। ठगी के पैसे ‘सत्कार निधि लिमिटेड’ कंपनी और अन्य खातों में मंगवाए जाते, फिर उसे निकालकर आपस में बांट लिया जाता था। दोनों आरोपियों के खिलाफ कई राज्यों से साइबर फ्रॉड की शिकायतें दर्ज हैं।
रिमांड के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल और दो कूटरचित आधार कार्ड बरामद किए हैं। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए अपने फोटो वाले फर्जी आधार कार्ड बनवा रखे थे। मु0अ0सं0 14/26 के प्रकरण में आरोपियों पर धारा 318(4), 319(2), 336(3), 338, 339, 3(5) BNS व धारा 66 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
हरिनारायण पटेल के नेतृत्व में प्रभारी साइबर क्राइम टीम ने उ0नि0 मिर्जा रिजवान बेग, कांस्टेबल मनोज चौहान और कांस्टेबल संदीप कुमार के साथ संयुक्त कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। टीम ने कहा कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ आगे की गहन जाँच जारी है तथा उनके द्वारा इस्तेमाल किए गए खातों व संपर्क सूत्रों का भी अध्ययन किया जा रहा है।
अपर पुलिस अधीक्षक (सदर) ने नागरिकों से आगाह करते हुए कहा कि किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक या कथित कंपनी के झांसे में आकर पैसे न भेजें। किसी भी तरह की ठगी की शिकायत होने पर तुरंत 1930 पर सूचना दें या http://cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएँ। एसपी ने जोर देकर कहा कि साइबर फ्रॉड करने वाले चाहे कितने भी चालाक क्यों न हों, पुलिस अंततः उन्हें पकड़ने में सफल रहेगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी संदिग्ध लेन-देन या फर्जी दस्तावेज का संदेह हो तो नजदीकी थाने या साइबर क्राइम सेल को सूचित करें। मामले की आगे की जांच जारी है और आरोपियों से और सबूत जुटाने की कार्रवाई चल रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *