धानापुर में 1600 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन, विजेताओं को साइकिल, स्कूटी व मोटरसाइकिल का पुरस्कार

 खेल मैदान में उमड़ा युवाओं का जोश इस बात का प्रमाण है कि उन्हें केवल एक अवसर की आवश्यकता है, जिसे उपलब्ध कराने में मौजूदा सरकार विफल रही है.

चंदौली, धानापुर। “दौड़ो और सपनों को छू लो” के नारे के साथ धानापुर स्थित अमर वीर इंटर कॉलेज के खेल मैदान पर सोमवार को 1600 मीटर की भव्य दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन हुआ. प्रतियोगिता का नेतृत्व सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह (डब्लू) ने किया. इसमें जनपद भर से हजारों की संख्या में युवतियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.



कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं और उनके साथ किए गए वादों को कभी नहीं भूलना चाहिए. उन्होंने कहा कि धानापुर में यह दौड़ युवाओं से किया गया एक वादा था, जो मौसम की बेरुखी के कारण टल गया था, लेकिन आज उसे पूरा किया गया है. खेल मैदान में उमड़ा युवाओं का जोश इस बात का प्रमाण है कि उन्हें केवल एक अवसर की आवश्यकता है, जिसे उपलब्ध कराने में मौजूदा सरकार विफल रही है.

उन्होंने कहा कि जिन जनप्रतिनिधियों को युवाओं ने सत्ता सौंपी, वे उन्हें देश सेवा और रोजगार के अवसर दिलाने में असफल रहे. पूर्व विधायक ने भरोसा दिलाया कि सत्ता में लौटने पर युवाओं के लिए पुनः सेना भर्ती और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का कार्य किया जाएगा. युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार देना उनकी प्राथमिकता रहेगी 

प्रतियोगिता में बालक एवं बालिका वर्ग में छह-छह राउंड की दौड़ कराई गई

फाइनल दौड़ में बालक वर्ग में चंहटा निवासी बाबूलाल ने प्रथम स्थान प्राप्त कर मोटरसाइकिल पुरस्कार जीता, जबकि बालिका वर्ग में जमुनीपुर की मनीषा राय ने प्रथम स्थान हासिल कर स्कूटी पुरस्कार अपने नाम किया. इसके अलावा छह बालक एवं छह बालिकाओं को साइकिल प्रदान की गई. द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को शील्ड, मेडल एवं नकद राशि देकर सम्मानित किया गया.

पूर्व विधायक ने यह भी घोषणा की कि अगले वर्ष पुनः दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें 25 बालक-बालिकाओं को साइकिल, पांच-पांच युवक-युवतियों को मोटरसाइकिल तथा अव्वल आने वाले प्रतिभागियों को चार पहिया वाहन प्रदान किया जाएगा.

इस अवसर पर रामजनम यादव, रमेश यादव, मेराज खान लड्डू, शाह आलम खान, जानकी यादव, सहरे आलम खान, रामधनी यादव, संदीप गुप्ता, अखिलेश सिंह, सूर्यपाल सिंह, रजनीश सिंह, सुरेश यादव, रामदुलारे कनौजिया, महंगू राम सहित समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन आतिफ खान ने किया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *