25 हजार का इनामी लुटेरा गिरफ्तार, लूट की रकम, चोरी की बाइक और तमंचा बरामद

1e9d79fb14fe
सटीक संवाद। चंदौली।
मुगलसराय थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए लूट की घटना का सफल अनावरण किया है। पुलिस ने 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त हरीश पाण्डेय को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से लूट की घटना से संबंधित 2,200 रुपये नकद, एक चोरी की मोटरसाइकिल, एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, 21 मई 2026 को शक्ति इंटरप्राइजेज के एक सेल्समैन से चौरहट मुख्य मार्ग पर पांच बदमाशों ने धक्का देकर 1.34 लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया था। इस मामले में थाना मुगलसराय पर मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना में शामिल चार अभियुक्तों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका था, जबकि फरार हरीश पाण्डेय पर पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
30/31 जुलाई की रात मुखबिर की सूचना पर एम्बीशन स्कूल के पास से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने अन्य साथियों के साथ लूट की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि लूट की रकम सभी आरोपियों में बराबर बांटी गई थी और उसके हिस्से में आए अधिकांश रुपये वह खर्च कर चुका है। बरामद 2,200 रुपये उसी लूट की शेष राशि है।
आरोपी ने यह भी कबूल किया कि बरामद मोटरसाइकिल उसने वाराणसी क्षेत्र से चोरी की थी और उसी का इस्तेमाल आपराधिक घटनाओं में करता था। साथ ही उसने बिहार से अवैध तमंचा खरीदने की बात भी स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरीश पाण्डेय (26 वर्ष) पुत्र रामजीत पाण्डेय, निवासी हरिहरपुर, थाना रोहनिया, कमिश्नरेट वाराणसी के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी अजय कुमार सहित मुगलसराय पुलिस, स्वाट प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव एवं सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *