शहीदगांव इंटर कॉलेज गेट से चोरी हुई बाइक को पुलिस ने ढूंढ निकाला

दो आरोपी गिरफ्तार, दो किशोर पुलिस अभिरक्षा में
धानापुर, चंदौली। धानापुर थाना पुलिस ने शहीदगांव स्थित अमर शहीद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के मुख्य गेट के सामने से चोरी हुई मोटरसाइकिल का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मामले में शामिल दो विधि-विरुद्ध किशोरों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने चोरी की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, 29 जुलाई 2026 को उमेश यादव निवासी छोटी रमरजाय तोरवां, थाना धानापुर की मोटरसाइकिल कॉलेज गेट के सामने से चोरी हो गई थी। पीड़ित की तहरीर पर 30 जुलाई को धानापुर थाने में अज्ञात चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर शहीद कैप्टन विजय प्रताप सिंह फार्मेसी कॉलेज, आवाजापुर के पास एक संदिग्ध युवक को मोटरसाइकिल सहित पकड़ा गया। पूछताछ में उसकी पहचान टोनू पासवान (22 वर्ष), निवासी तेनुवट टिकरवापर, थाना सकलडीहा के रूप में हुई।
पूछताछ में टोनू ने बताया कि उसने चोरी की होने की जानकारी के बावजूद मोटरसाइकिल अपने फुफेरे भाई और उसके साथियों से 5 हजार रुपये में खरीदने का सौदा किया था। उसने 2 हजार रुपये अग्रिम दिए थे और पहचान छिपाने के लिए बाइक की नंबर प्लेट हटाकर फेंक दी थी तथा पहचान संबंधी निशान भी मिटा दिए थे। उसकी निशानदेही पर अनूप राय (19 वर्ष), निवासी मिर्जापुर थाना धानापुर तथा दो किशोरों को पुलिस ने हिरासत में लिया।
पूछताछ में अनूप राय ने स्वीकार किया कि 29 जुलाई की दोपहर लगभग 12 बजे उसने अपने दो किशोर साथियों के साथ अमर शहीद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, शहीदगांव के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी की थी।
वारदात के दौरान एक किशोर रेकी कर रहा था, जबकि अनूप और दूसरा किशोर बाइक लेकर फरार हो गए थे। बाद में सभी ने सकलडीहा रेलवे स्टेशन के पास टोनू पासवान को मोटरसाइकिल बेच दी।
पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की अन्य सुसंगत धाराएं बढ़ाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है, जबकि दोनों किशोरों के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रमाकांत सिंह तथा धानापुर थाने की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका र