समाधान दिवस के बाद समीक्षा में गरजे एडीएम, कहा—काम नहीं तो कार्रवाई तय

फर्जी आख्या और लंबित शिकायतों पर सख्त, अधिकारियों की बढ़ी मुश्किलें, जनता की शिकायतों को हल्के में लेना पड़ेगा भारी
सकलडीहा, चंदौली। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के बाद शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा के दौरान अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार ने अधिकारियों की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने लंबित मामलों के निस्तारण में लापरवाही, आईजीआरएस पर भ्रामक रिपोर्ट लगाने तथा अधिकारियों की अनुपस्थिति पर कड़ी फटकार लगाते हुए स्पष्ट किया कि लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एडीएम ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में लोग अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर आते हैं, लेकिन सकलडीहा तहसील में एक ही शिकायत बार-बार सामने आना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने आईजीआरएस पोर्टल पर फर्जी आख्या लगाने को शासन की मंशा के विपरीत बताते हुए संबंधित लेखपाल एवं कानूनगो को कड़ी चेतावनी दी तथा उनके निलंबन की संस्तुति करने की बात कही। समीक्षा बैठक में कम उपस्थिति वाले कर्मचारियों का वेतन रोकने के भी निर्देश दिए गए।
थाना प्रभारियों के स्थान पर उपनिरीक्षकों की उपस्थिति पर भी एडीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक से की जाएगी। उन्होंने उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह को निर्देश दिया कि पुराने प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही सभी विभागीय अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर लंबित शिकायतों का समाधान करने की चेतावनी देते हुए कहा कि अन्यथा कड़ी कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
किसानों ने उठाई सिंचाई और खाद की समस्या
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान किसानों ने नहरों में टेल तक पानी पहुंचाने, बंद पड़े सरकारी नलकूपों को चालू कराने तथा खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग प्रमुखता से उठाई। किसानों ने बताया कि सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने से खेती पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
इस अवसर पर कुल 85 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 8 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। एडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को समय पर खाद, बीज और सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा खाद की कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगाई जाए। उन्होंने अंश निर्धारण, वरासत एवं राजस्व संबंधी मामलों का भी समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में एसडीएम आकांक्षा सिंह, तहसीलदार अनुराग सिंह, क्षेत्राधिकारी कृष्ण मुरारी शर्मा, नायब तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद, दिनेश शुक्ला, बीडीओ विजय सिंह, एसडीओ सियाराम यादव, एडीओ राजेश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।