चंदौली में जेम पोर्टल से ही होगी सरकारी खरीद, जिलाधिकारी ने दिए शत-प्रतिशत अनुपालन के निर्देश
चंदौली कलेक्ट्रेट में आयोजित जेम कार्यशाला में अधिकारियों और लेखाकारों को ऑनलाइन सरकारी खरीद प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने सभी विभागों को जेम पोर्टल के जरिए शत-प्रतिशत खरीद और नियमों के पालन के निर्देश
चन्दौली। सरकारी खरीद में पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए सोमवार को चंदौली कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय जेम (Government e-Marketplace) कार्यशाला आयोजित हुई। इसमें विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों और लेखाकारों को जेम पोर्टल से वस्तुओं व सेवाओं की खरीद, टेंडर, बिड और भुगतान की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को शत-प्रतिशत खरीद जेम पोर्टल के माध्यम से करने तथा शासन की गाइडलाइंस का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

कार्यशाला में अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोजेक्टर के माध्यम से जेम पोर्टल की कार्यप्रणाली समझाई गई। प्रशिक्षण के दौरान पोर्टल पर लॉगिन करने, वस्तुओं एवं सेवाओं की खरीद, टेंडर प्रक्रिया, बिड जनरेट करने और भुगतान से संबंधित विभिन्न चरणों की जानकारी दी गई। साथ ही जेम पोर्टल में हाल में किए गए नए बदलावों और तकनीकी सुविधाओं से भी प्रतिभागियों को अवगत कराया गया।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि सरकारी खरीद प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खरीद में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए और निर्धारित नियमों के अनुसार ही जेम पोर्टल का इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी विभाग अपनी आवश्यक सरकारी खरीद जेम के माध्यम से सुनिश्चित करें।
कार्यशाला में जेम प्रकोष्ठ से आईं जेम कंसल्टेंट प्रियंवदा अग्रवाल ने अधिकारियों को पोर्टल की सुविधाओं और खरीद प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जेम पोर्टल सरकारी खरीद को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के साथ समय की भी बचत करता है। पोर्टल में किए गए नए तकनीकी सुधारों से टेंडरिंग और भुगतान की प्रक्रिया को और अधिक सुगम बनाया गया है।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों से जेम पोर्टल पर उपलब्ध सुविधाओं का निर्धारित नियमों के तहत उपयोग करने और सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ उनके विभागों के लेखाकारों ने प्रतिभाग किया। कार्यशाला का उद्देश्य विभागीय स्तर पर जेम पोर्टल के प्रभावी उपयोग और सरकारी खरीद प्रक्रिया को नियमबद्ध तरीके से संचालित करना रहा।
इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी परितोष मिश्रा, उपायुक्त उद्योग उदय प्रकाश पासवान सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।