सकलडीहा में बैंक के दो बकायेदारों की जमीन कुर्क, 21 दिन बाद होगी नीलामी
बैंक का 5.38 लाख रुपये से अधिक बकाया नहीं चुकाने पर मढ़ान गांव के दो बकायेदारों की जमीन का वैधानिक हिस्सा कुर्क किया गया। प्रशासन के अनुसार 21 दिन बाद कुर्क जमीन की नीलामी की जाएगी।
सकलडीहा, चंदौली। बैंक का बकाया जमा नहीं करने पर तहसील प्रशासन ने मंगलवार को धानापुर क्षेत्र के मढ़ान गांव निवासी दो बकायेदारों की उनके वैधानिक हिस्से की जमीन कुर्क कर ली। दोनों पर बैंक का कुल 5,38,037 रुपये बकाया है। प्रशासन के अनुसार कुर्क की गई जमीन की 21 दिन बाद नीलामी की जाएगी। कार्रवाई से अन्य बकायेदारों में भी हड़कंप मच गया है।

तहसील प्रशासन ने क्षेत्र के 10 बड़े बकायेदारों की सूची तैयार की है। इसी सूची में मढ़ान गांव निवासी दो बकायेदार शामिल हैं। एक पर 3,12,141 रुपये और दूसरे पर 2,25,896 रुपये का बैंक बकाया है। बकाया राशि जमा नहीं करने पर दोनों के खिलाफ आरसी जारी की गई थी।
बैंक के बकाये की वसूली के लिए कई बार संग्रह कर्मियों को उनके घर भेजा गया, लेकिन इसके बावजूद रकम जमा नहीं की गई। इसके बाद प्रशासन की ओर से दोनों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट भी जारी किया गया। प्रशासन के अनुसार वारंट जारी होने के बाद दोनों बकायेदार फरार हो गए।
इसके बाद एसडीएम सकलडीहा आकांक्षा सिंह के आदेश पर तहसील प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए बकायेदारों की जमीन में उनके कानूनी हिस्से को चिह्नित कर कुर्क कर लिया। प्रशासन अब कुर्की के बाद नियमानुसार नीलामी की प्रक्रिया पूरी करेगा।
तहसील प्रशासन के मुताबिक कुर्क की गई जमीन को निर्धारित प्रक्रिया के तहत 21 दिन बाद नीलाम किया जाएगा। नीलामी से प्राप्त धनराशि से बैंक के बकाये की वसूली की जाएगी।
एसडीएम आकांक्षा सिंह ने बताया कि बैंक के बकायेदारों के खिलाफ वसूली अभियान लगातार जारी रहेगा। बकाया राशि जमा नहीं करने वाले अन्य बड़े बकायेदारों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान बिहारी सिंह यादव, रामाश्रय और उमाशंकर सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।