चंदौली में महिलाओं पर फब्तियां कसने के आरोप में युवक गिरफ्तार, सकलडीहा पुलिस की कार्रवाई

सकलडीहा रेलवे स्टेशन के बाहर महिलाओं और बालिकाओं पर अश्लील गाने गाने व फब्तियां कसने के आरोप में 23 वर्षीय युवक गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने धारा 296 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस रिकॉर्ड में युवक के खिलाफ वर्ष 2022 का एक पूर्व मामला भी दर्ज है।

सकलडीहा, चंदौली। सकलडीहा रेलवे स्टेशन के बाहर आने-जाने वाली महिलाओं और बालिकाओं पर अश्लील गाने गाने और फब्तियां कसने के आरोप में एंटी रोमियो पुलिस टीम ने 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक की पहचान रमेश राम पुत्र सुबेदार राम, निवासी ग्राम ओनावल, थाना सकलडीहा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 296 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 6 अक्टूबर 2026 को मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत की गई। सकलडीहा थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में एंटी रोमियो टीम महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर क्षेत्र में निगरानी कर रही थी।

इसी दौरान टीम को सकलडीहा रेलवे स्टेशन के बाहर एक युवक द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को देखकर अश्लील गाने गाने तथा फब्तियां कसने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए रमेश राम को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद सकलडीहा थाने में मुकदमा संख्या 197/2026 धारा 296 बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रचलित है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रमेश राम का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। सकलडीहा थाने में वर्ष 2022 में मुकदमा संख्या 192/22 धारा 354, 354ए भादवि तथा 7/8 पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज किया गया था।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद, उपनिरीक्षक जगदीश यादव, महिला हेड कांस्टेबल रिमा यादव, कांस्टेबल प्रश्विन दूबे और कांस्टेबल हृदेश चक्रवर्ती शामिल रहे।

पुलिस की इस कार्रवाई को मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा से जोड़कर देखा जा रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं के साथ अशोभनीय व्यवहार करने वालों के खिलाफ पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।