चंदौली में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए 17 और 24 अक्टूबर को लगेंगे शिविर
चंदौली जिले के सभी मतदेय स्थलों पर 17 और 24 अक्टूबर को सुबह 10 से शाम 4 बजे तक विशेष शिविर लगाए जाएंगे। पात्र नागरिक बीएलओ की मदद से फार्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।

फोटो । चन्द्र मोहन गर्ग जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी
चंदौली। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों और पहली बार मतदान करने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए जिले में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इसके लिए 17 और 24 अक्टूबर को जिले के सभी मतदेय स्थलों पर शिविर आयोजित होंगे।
शिविरों में सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) मौजूद रहेंगे। इस दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के इच्छुक पात्र नागरिक फार्म-6 भरकर पंजीकरण के लिए आवेदन कर सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। दोनों विशेष शिविरों में प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क बनाई जाएगी। यहां नागरिकों को फार्म-6 भरने और मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया में सहायता दी जाएगी। आवेदन के साथ नवीनतम फोटो तथा जन्मतिथि और पते से संबंधित आवश्यक दस्तावेज जमा करने होंगे।
शिविरों में प्राप्त आवेदनों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाएगा। अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जाएगा। वहीं, जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी शिविरों की निगरानी करेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने मतदान केंद्र पहुंचकर मतदाता सूची में नाम की जांच करें। यदि सूची में नाम दर्ज नहीं है और वे निर्धारित पात्रता पूरी करते हैं, तो फार्म-6 भरकर पंजीकरण के लिए आवेदन करें।