सकलडीहा पीजी कॉलेज में साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किए गए विद्यार्थी
सकलडीहा पीजी कॉलेज में मिशन शक्ति 6.0 के तहत आयोजित साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने, बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी गोपनीय रखने और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने के उपाय बताए गए।

चंदौली। सकलडीहा पीजी कॉलेज में मिशन शक्ति 6.0 के अंतर्गत साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की दोनों इकाइयों एवं मिशन शक्ति प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस ऑनलाइन कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी और सोशल मीडिया की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक के निर्देशन में आयोजित ‘Mission Shakti 6.0 | Cyber Security Awareness with Rakshit Tandon | UP Police’ कार्यक्रम के माध्यम से साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ डॉ. रक्षित टंडन ने विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी।
कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पांडेय ने किया। उन्होंने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों और उनके विभिन्न स्वरूपों के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों को सतर्क रहने तथा डिजिटल माध्यमों का सावधानीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर थाने के उपनिरीक्षक लक्ष्मीकांत मिश्र ने साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने, व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी गोपनीय रखने तथा इंटरनेट और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक किया।

कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी एवं असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. श्याम लाल सिंह यादव ने किया। इसमें एनएसएस की दोनों इकाइयों के छात्र-छात्राओं के साथ महाविद्यालय के शिक्षक एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रोफेसर दयाशंकर सिंह यादव, डॉ. संदीप सिंह, यज्ञनाथ पांडेय एवं डॉ. अनामिका सिंह सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में डॉ. वंदना कुमारी ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने, ऑनलाइन गतिविधियों में सावधानी बरतने तथा सुरक्षित डिजिटल भविष्य के निर्माण का संदेश दिया गया।