डीडीयू मंडल में बिना टिकट यात्रा करते 607 यात्री पकड़ाए, 4.92 लाख वसूले
डीडीयू मंडल में एक दिन के टिकट जांच अभियान में 607 मामले पकड़े जाने और करीब 4.92 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त होने से रेलवे की जांच व्यवस्था की सक्रियता सामने आती है। चार प्रमुख स्टेशनों पर चलाया गया यह अभियान बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।

चार प्रमुख स्टेशनों पर किलेबंदी कर टिकट जांच अभियान, 71 कर्मचारी रहे तैनात
चंदौली। पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मंडल में बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के खिलाफ गुरुवार को सघन जांच अभियान चलाया गया। किलेबंदी कर चलाए गए इस अभियान में कुल 607 मामले पकड़े गए, जिनसे रेलवे को 4,92,385 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
29 अक्टूबर को चलाए गए अभियान के तहत पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, गया, सासाराम और डेहरी ऑन सोन स्टेशनों पर टिकटों की जांच की गई। अभियान में कुल 71 कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। जांच के दौरान बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के मामले पकड़े गए।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले वैध टिकट अवश्य प्राप्त करें। इसके लिए रेलवे के आरक्षण एवं अनारक्षित टिकट काउंटर, एटीवीएम, आईआरसीटीसी की वेबसाइट और रेलवन ऐप के माध्यम से टिकट प्राप्त किया जा सकता है। रेलवे ने यात्रियों से रेल नियमों का पालन करने की अपील की है।