चंदौली में सड़क बनी मौत का जाल! 200 गड्ढों में तब्दील तारापुर-कैली मार्ग

तारापुर-कैली मार्ग की बदहाली दर्जनों गांवों के लोगों की रोजमर्रा की आवाजाही को प्रभावित कर रही है। मरम्मत प्रस्ताव शासन को भेजे जाने के बाद अब ग्रामीणों को स्वीकृति और काम शुरू होने का इंतजार है।

चंदौली। सकलडीहा क्षेत्र में तारापुर चौराहे से कैली चौराहे को जोड़ने वाला करीब छह किलोमीटर लंबा मार्ग दशकों से बदहाली का शिकार है। ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क के चार किलोमीटर हिस्से में 200 से अधिक बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। इससे प्रतिदिन गुजरने वाले सैकड़ों राहगीरों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गड्ढों में गिरकर लोग चोटिल हो रहे हैं, जबकि शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थाई समाधान नहीं हुआ है।

चार किलोमीटर सड़क पर गड्ढों का जाल

दर्जनों गांवों को जोड़ने वाले इस प्रमुख संपर्क मार्ग की हालत करीब एक दशक से खराब बताई जा रही है। ग्रामीणों की लगातार मांग पर विभाग ने कैली चौराहे से सैदपुरा गांव तक करीब दो किलोमीटर सड़क की मरम्मत कराई, लेकिन शेष चार किलोमीटर हिस्से की स्थिति जस की तस बनी हुई है। गड्ढों के कारण बाइक सवारों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। बरसात में पानी भरने से खतरा और बढ़ जाता है।

शिकायतों के बाद भी राहत नहीं

ककरही खुर्द निवासी रामजनम बागी एडवोकेट ने कहा कि सड़क पर चलना जान जोखिम में डालने जैसा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद केवल आश्वासन मिला है। तारापुर निवासी सुहेल खान ने बताया कि बाइक से गुजरना मुश्किल हो गया है और छात्र-छात्राओं व मरीजों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।

महरखां निवासी बसपा नेता सुभाष चंद्र ने कहा कि यह कई गांवों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है, इसलिए इसकी जल्द मरम्मत जरूरी है। वहीं, कैथा उर्फ टंडिया निवासी राजकुमार पप्पू ने चेतावनी दी कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो ग्रामीण आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

शासन की मंजूरी का इंतजार

इस संबंध में एक्सईएन राजेश कुमार ने बताया कि सड़क के शेष चार किलोमीटर हिस्से की मरम्मत का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही मरम्मत कार्य शुरू करा दिया जाएगा।