सैयदराजा में आस्था के मंच पर सियासत! धार्मिक आयोजनों से जनता को साधने में जुटे नेता
सैयदराजा में धार्मिक आयोजनों के मंच पर राजनीतिक चेहरों की बढ़ती सक्रियता जनसंपर्क की नई तस्वीर पेश कर रही है। 2027 के चुनाव से पहले रामकथा और भागवत कथा के जरिए जनता के बीच पहुंच बनाने की कोशिशों पर अब सबकी नजर है।

सुशील सिंह की रामकथा के बाद अब मनोज सिंह डब्लू कराएंगे भागवत कथा, 2027 चुनाव से पहले बढ़ी राजनीतिक सक्रियता
चंदौली। सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र में धर्म के मंच पर सियासत की हलचल तेज हो गई है। विधायक सुशील सिंह की रामकथा के बाद अब पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन घोषित किया है। लगातार हो रहे बड़े धार्मिक आयोजनों को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले जनता के बीच अपनी मौजूदगी मजबूत करने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है।
धानापुर में विधायक सुशील सिंह की ओर से आयोजित चार दिवसीय श्रीरामकथा में अंतरराष्ट्रीय कथावाचक राजन जी महाराज ने कथा सुनाई थी। इसमें उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह, दिनेश सिंह और संजय गौड़ समेत कई प्रमुख राजनीतिक चेहरे शामिल हुए थे। आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी रही।
अब पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू अपने पैतृक गांव माधोपुर में 26 नवंबर से 2 दिसंबर तक भव्य श्रीमद्भागवत कथा कराएंगे। अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पूज्य पंडित गौरांगी गौरी जी कथा का वाचन करेंगी। मनोज सिंह डब्लू ने बताया कि आयोजन पूरी तरह अराजनीतिक रहेगा। उन्होंने क्षेत्रीय जनता से बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की है।
हालांकि, धार्मिक आयोजनों को अराजनीतिक बताया जा रहा है, लेकिन इनके जरिए जनता के बीच पहुंच बनाने और अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिशें भी चर्चा में हैं। रामकथा के बाद भागवत कथा की तैयारी ने सैयदराजा की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है।