कटरे के विवाद में रची गई थी खूनी साजिश, चंदौली में डबल मर्डर का पर्दाफाश; दो गिरफ्तार
कटरे की खरीद और रजिस्ट्री का विवाद दो परिवारों और दो युवकों की जिंदगी पर भारी पड़ गया। पुलिस के अनुसार, दावत में शुरू हुआ विवाद दोहरी हत्या, शवों को ठिकाने लगाने और साक्ष्य मिटाने की कोशिश तक पहुंचा। दो मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी और हसिये की बरामदगी से मामले की अहम कड़ियां सामने आई हैं। हालांकि, वारदात में बताए गए अन्य लोगों की भूमिका और उनकी गिरफ्तारी भी इस पूरे हत्याकांड की जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

शराब की दावत के बीच गोली मारने के बाद हसिये से रेता गला; शवों को अलग-अलग जगह फेंककर मिटाना चाहते थे साक्ष्य
चंदौली। कटरे की खरीद और रजिस्ट्री को लेकर उपजा विवाद दो युवकों की निर्मम हत्या की वजह बन गया। शराब और मीट की दावत के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया। आरोपियों ने पहले सिद्धार्थ सिंह को गोली मारी और फिर उसके दोस्त सागर त्रिपाठी की हसिये से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद साक्ष्य मिटाने के इरादे से दोनों शवों को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया गया। डेढ़गावां के पास मिले दोनों शवों के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त हसिया भी बरामद किया गया है।
नहर किनारे मिले थे दो युवकों के शव
मामला 22 अक्टूबर 2026 का है। धीना थाना क्षेत्र के ग्राम डेढ़गावां के समीप नहर-नाले और सड़क किनारे दो अज्ञात व्यक्तियों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस बल, फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और सर्विलांस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। शवों के परीक्षण में धारदार हथियार से चोट और गोली मारे जाने के साक्ष्य मिले थे। ग्राम प्रहरी राम जनम यादव की लिखित तहरीर पर थाना धीना में मुकदमा अपराध संख्या 92/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) और 238 में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
दोनों मृतकों की हुई पहचान
पुलिस की लगातार कोशिशों और हुलिये के आधार पर मृतकों की पहचान सिद्धार्थ सिंह (32) पुत्र स्वर्गीय अजेंद्र कुमार सिंह, मूल निवासी ग्राम बरहपुर, थाना नंदगंज, जनपद गाजीपुर तथा वर्तमान निवासी जेके कॉलोनी, जाजमऊ, कानपुर और सागर त्रिपाठी (35) पुत्र वीरेंद्र त्रिपाठी, निवासी यशोदा नगर, थाना नौबस्ता, कानपुर के रूप में हुई।
कटरे की खरीद और रजिस्ट्री पर भिड़े थे युवक
पुलिस की विवेचना के मुताबिक, 21 अक्टूबर को थाना धानापुर क्षेत्र में घनश्याम सिंह के मकान पर शराब और मीट की दावत रखी गई थी। इसमें सूर्यप्रकाश सिंह के भाई रवि सिंह, गोलू सिंह, सिद्धार्थ सिंह और सिद्धार्थ का दोस्त सागर त्रिपाठी समेत अन्य लोग मौजूद थे। सभी के बीच नंदगंज के सादियाबाद मोड़ स्थित सिद्धार्थ सिंह के नाम के कटरे को खरीदने और उसकी रजिस्ट्री को लेकर बातचीत चल रही थी।
इसी दौरान रवि सिंह और सिद्धार्थ सिंह के बीच विवाद बढ़ गया। पुलिस के अनुसार, रवि सिंह और गोलू सिंह सिद्धार्थ को घर के बाहर सड़क पर ले गए और उसके सीने में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर सागर त्रिपाठी ने अपने एक मित्र को फोन कर घटना की जानकारी देनी शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान उसे पकड़ लिया गया। सूर्यप्रकाश सिंह ने हसिये से सागर का गला रेत दिया, जबकि रवि सिंह ने उसे भी गोली मार दी।
शव ठिकाने लगाने के लिए अपनाया अलग-अलग तरीका
दोनों युवकों की हत्या के बाद आरोपियों ने शवों को ठिकाने लगाने की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, अपने एक अन्य साथी की मदद से सागर के शव को बोरे में भरा गया, जबकि सिद्धार्थ के शव को सूर्यप्रकाश सिंह की स्कॉर्पियो में लादा गया। इसके बाद डेढ़गावां-जमानिया बॉर्डर के पास पुलिया के समीप सिद्धार्थ का शव फेंक दिया गया। करीब एक किलोमीटर दूर बोरे में बंद सागर का शव नहर में फेंक दिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी वाराणसी की ओर चले गए।
धानापुर ब्लॉक गेट के पास से दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार
दोहरी हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए सर्विलांस, फॉरेंसिक जांच, सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद ली गई। धीना और धानापुर थाने की संयुक्त पुलिस टीम ने साक्ष्यों का गहन विश्लेषण करते हुए मामले का पर्दाफाश किया। पुलिस ने धानापुर ब्लॉक परिसर के गेट के पास से दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूर्यप्रकाश सिंह (24) पुत्र राकेश कुमार सिंह और विकास सिंह (34) पुत्र हरिहर सिंह, निवासी ग्राम मेढ़वा, थाना धानापुर, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। पुलिस ने सूर्यप्रकाश सिंह की निशानदेही पर डेढ़गावां के पास झाड़ियों से हत्या में प्रयुक्त एक हसिया भी बरामद किया है।
कार्रवाई करने वाली टीम में धीना थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन, उपनिरीक्षक बृजेश कुमार मिश्रा, थाना धानापुर तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।