चंदौली पुलिस अनूठी पहल; वाहन चालकों को बांटे निःशुल्क हेलमेट
निःशुल्क हेलमेट वितरण की पहल महज जागरूकता अभियान नहीं, बल्कि अनमोल जिंदगियां बचाने की दिशा में जिम्मेदार प्रयास है। सड़क पर सुरक्षा का एक छोटा सा कदम किसी परिवार को जिंदगी भर के दर्द से बचा सकता है। यातायात नियमों का पालन ही सुरक्षित सफर और खुशहाल परिवार की सबसे मजबूत गारंटी है।

चंदौली। सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। ऐसे में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता के साथ लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चंदौली पुलिस ने सराहनीय पहल की है। यातायात माह के तहत गुरुवार को अलीनगर और मुगलसराय थाना क्षेत्रों में बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे चालकों को न केवल यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया गया, बल्कि उन्हें निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण हेलमेट वितरित कर सुरक्षित सफर का संदेश भी दिया गया।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में चलाए गए इस विशेष अभियान का पर्यवेक्षण क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्ण मुरारी शर्मा ने किया। प्रभारी निरीक्षक यातायात-प्रथम सत्य प्रकाश यादव ने पुलिस टीम के साथ अलीनगर और मुगलसराय क्षेत्र में सघन चेकिंग एवं जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को रोककर हेलमेट की उपयोगिता समझाई गई और उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निःशुल्क हेलमेट प्रदान किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को जागरूक करते हुए कहा कि हेलमेट कोई बोझ नहीं, बल्कि जीवन का सुरक्षा कवच है। दोपहिया वाहन चलाते समय मानक हेलमेट और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अवश्य करें। यातायात नियमों की अनदेखी न केवल चालक, बल्कि उसके पूरे परिवार की खुशियों को खतरे में डाल सकती है।
अभियान के दौरान लोगों को यातायात नियमों का संकल्प भी दिलाया गया। वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने तथा शराब या किसी भी प्रकार के नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की गई। साथ ही नाबालिगों को वाहन न चलाने देने की हिदायत भी दी गई।

पुलिस के अनुसार यातायात माह के दौरान जनपद के विभिन्न स्थानों पर जागरूकता शिविर, नुक्कड़ नाटक और चेकिंग अभियानों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। चंदौली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की कि यातायात नियमों को केवल पुलिस के डर से नहीं, बल्कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए अपनी आदत में शामिल करें।