धानापुर में 18 वर्षीय बिजली मिस्त्री की दर्दनाक मौत, छठ की तैयारी के दौरान हाईटेंशन की चपेट में आया, विजयदशमी पोखरे पर यह दूसरी घटना

छठ की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे ने उत्सव की खुशियों को मातम में बदल दिया। महज 18 वर्ष की उम्र में कार्तिक की जिंदगी हाईटेंशन करंट की चपेट में आकर खत्म हो गई। विजयदशमी पोखरे पर कुछ महीने पहले डूबने से एक बालक की भी मौत हो चुकी है। लगातार दूसरी दुखद घटना ने पोखरे की सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों के दौरान बरती जा रही सावधानियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

धानापुर, चंदौली। विजयदशमी पोखरे पर छठ पूजा की तैयारियों के दौरान गुरुवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। पोखरे पर पोस्टर लगा रहे 18 वर्षीय बिजली मिस्त्री कार्तिक की हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र का निवासी था।

जानकारी के अनुसार, डाला छठ के मद्देनजर विजयदशमी पोखरे पर लाइटिंग और पोस्टर लगाने का काम कराया जा रहा था। इसके लिए वाराणसी से बिजली मिस्त्री कार्तिक को बुलाया गया था। गुरुवार शाम पोस्टर लगाने के दौरान वह ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह अचेत होकर नीचे गिर पड़ा।

घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोग आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलने पर धानापुर थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि बिजली का करंट लगने से मिस्त्री की मौत हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि डाला छठ से पहले विजयदशमी पोखरे पर यह दूसरी दुखद घटना है। इससे कुछ महीने पहले इसी पोखरे में डूबने से एक बालक की मौत हो गई थी। लगातार हो रही घटनाओं के बाद पोखरे पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।