मुगलसराय के पंकज चौबे की मौत की गुत्थी 4 दिन बाद भी अनसुलझी, मुकदमा दर्ज नहीं होने पर भड़का परिजनों का आक्रोश; थाने के बाहर आत्मदाह की चेतावनी
राज हॉस्पिटल के मैनेजर पंकज चौबे की संदिग्ध मौत अब केवल एक परिवार के आरोप और पुलिस की जांच तक सीमित नहीं रह गई है। 4 दिन बाद भी मौत का कारण स्पष्ट न होना, नामजद तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं होने का आरोप, परिजनों की हत्या की आशंका और कॉलेज प्रबंधक के बेटे से पूछताछ—इन सभी घटनाक्रमों ने मामले को गंभीर बना दिया है। अब सबसे अहम सवाल यही है कि पंकज की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उस रात आखिर क्या हुआ था? विसरा रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और निष्पक्ष पुलिस जांच से ही इस रहस्य से पर्दा उठ सकेगा।

डीडीयू नगर। उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के मुगलसराय स्थित राज हॉस्पिटल के मैनेजर पंकज चौबे की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला लगातार उलझता जा रहा है। महिला महाविद्यालय परिसर में उनका शव मिलने के 4 दिन बाद भी मौत की असली वजह सामने नहीं आ सकी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित रखा गया है। इस बीच पुलिस ने कॉलेज प्रबंधक के बेटे आकाश यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। उधर, नामजद तहरीर देने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं होने से परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा है। परिवार ने पुलिस पर मामले में लापरवाही और आरोपी को बचाने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि न्याय नहीं मिला तो पूरा परिवार थाने के बाहर आत्मदाह करने को मजबूर होगा।
मृतक की साली नीतू पांडेय एडवोकेट ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि मामले में नामजद आरोपी आकाश यादव धनाढ्य परिवार से ताल्लुक रखता है, इसलिए पुलिस उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने में हीलाहवाली कर रही है। उन्होंने कहा कि 72 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस जांच का हवाला देकर मुकदमा दर्ज नहीं कर रही है। परिजन लगातार थाने का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि परिवार के लोगों को फोन पर धमकियां दी जा रही हैं। साथ ही दावा किया कि नामजद आरोपी के खिलाफ चंदौली न्यायालय में अन्य आपराधिक मामले भी विचाराधीन हैं। परिजनों ने साफ कहा है कि यदि जल्द मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो पूरा परिवार मुगलसराय थाने के बाहर आत्मदाह करेगा। मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से करने की भी चेतावनी दी गई है।
रात में घर आने के लिए किया था फोन, सुबह मिली मौत की खबर
मृतक के भाई रविंद्र चौबे के अनुसार, पंकज ने घटना वाली रात घर आने के लिए फोन किया था, लेकिन सुबह उनकी मौत की खबर मिली। इस घटनाक्रम ने परिवार की आशंकाओं को और गहरा कर दिया है। परिजनों ने पंकज की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि मौत से पहले की परिस्थितियों और घटनाक्रम की गंभीरता से पड़ताल होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
कॉलेज प्रबंधक का बेटा हिरासत में, सीसीटीवी और मोबाइल की जांच
मामले में नया मोड़ तब आया जब पुलिस ने शक के आधार पर कॉलेज प्रबंधक के बेटे आकाश यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस घटनास्थल और उससे जुड़े सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन तथा कथित मारपीट के घटनाक्रम की भी जांच कर रही है। हालांकि, पूछताछ के आधार पर अभी तक मौत की वजह को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
विसरा रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पंकज चौबे के शव का पोस्टमार्टम कराया गया, लेकिन रिपोर्ट में मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। इसके बाद विसरा सुरक्षित कर लिया गया है। अब विसरा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह का पता चलने की उम्मीद है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में नशे के सेवन की आशंका जताई गई है, लेकिन इसे अभी मौत का प्रमाणित कारण नहीं माना जा सकता।
इस संबंध में मुगलसराय थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में आरोपों से जुड़े तथ्य सही पाए जाने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।