पार्टियां कहती है – कार्यकर्ता ही रीढ़ है, फिर रीढ़ को कुर्सी क्यों नहीं?

अगर पार्टी सच में कार्यकर्ताओं को रीढ़ मानती है, तो रीढ़ को सीधा खड़ा होने का मौका भी दो। रीढ़ को कुर्सी पर बैठने का मौका भी दो। वरना ये भाषण सिर्फ भाषण रह जाएगा – कार्यकर्ता रीढ़ है, कार्यकर्ता ताकत है। और कार्यकर्ता भी समझ जाएगा कि ये सम्मान नहीं, ये सिर्फ इस्तेमाल है। और जिस दिन कार्यकर्ता ने इस्तेमाल होना बंद कर दिया, उस दिन पार्टी की रीढ़ ही टूट जाएगी। क्योंकि बिना रीढ़ के कोई शरीर खड़ा नहीं रह सकता, और बिना कार्यकर्ता के कोई पार्टी जीत नहीं सकती। अब फैसला पार्टी को करना है – कार्यकर्ता को टिकट देगी, या फिर किसी नए पैराशूट चेहरे को लाकर कार्यकर्ता की पीठ में फिर छुरा घोंपेगी?, याद रखो – झंडा ढोने वाला ही एक दिन झंडा गाड़ता है। और अगर उसे रोकोगे, तो वो अपना झंडा खुद गाड़ लेगा।

मंच से भाषण में कार्यकर्ता भगवान, टिकट बंटते ही कार्यकर्ता अनजान – ये कैसा सम्मान है?

लखनऊ। हर पार्टी के मंच से एक ही नारा गूंजता है – कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ है। कार्यकर्ता ही हमारी ताकत है। कार्यकर्ता ही हमारा भगवान है। लेकिन जैसे ही टिकट बंटने का समय आता है, ये रीढ़ टूट जाती है। ये ताकत भूल जाती है। ये भगवान अनजान हो जाता है। क्यों? क्योंकि टिकट तो उसे मिलता है, जिसने कभी झंडा नहीं ढोया, कभी दरी नहीं बिछाई, कभी किसी के सुख-दुख में दिखाई नहीं दिया।

सांसद-विधायक बनने वाला नया चेहरा कौन होता है?

वो नया चेहरा जो अचानक आसमान से टपकता है। पार्टी का झंडा उसने कभी नहीं उठाया। बूथ पर वो कभी नहीं बैठा। गांव में किसी की मौत पर वो कभी नहीं गया। किसी गरीब की शादी में वो कभी नहीं दिखा। किसी कार्यकर्ता के सुख-दुख में वो कभी खड़ा नहीं हुआ।

लेकिन उसके पास तीन चीजें होती हैं –
1. पैसा
2. जाति का समीकरण
3. ऊपर तक सेटिंग

बस! यही उसकी योग्यता है। यही उसका संघर्ष है। यही उसका कार्यकर्ता होने का प्रमाणपत्र है। और पार्टी उसे ही टिकट दे देती है। उसे ही सांसद-विधायक बना देती है।

और असली कार्यकर्ता कहां जाता है?

असली कार्यकर्ता जो 20 साल से पार्टी के लिए मर रहा है।जिसने लाठी खाई, जेल गया, घर-परिवार छोड़ा, नौकरी छोड़ी, व्यापार छोड़ा। जिसने बूथ-बूथ जाकर वोट मांगा। जिसने नेता के लिए नारा लगाया, गला बैठा लिया।

वो कार्यकर्ता टिकट मांगने जाता है, तो उसे क्या मिलता है?
“अरे अभी तुम्हारी उम्र नहीं है। अभी थोड़ा इंतजार करो। अभी पार्टी को तुम्हारी जरूरत बूथ पर है। अभी तुम संगठन में काम करो।” मतलब साफ है – तुम बूथ पर ही अच्छे लगते हो, मंच पर नहीं। तुम झंडा ढोते ही अच्छे लगते हो, झंडा गाड़ते नहीं।

ये कैसा न्याय है?

जो कभी पार्टी में था ही नहीं, वो सीधे सांसद-विधायक बन जाए। और जो जिंदगी भर पार्टी में रहा, वो जिंदगी भर कार्यकर्ता ही रह जाए। क्या पार्टी का मतलब सिर्फ यही रह गया है – आओ, पैसा लाओ, टिकट ले जाओ?

क्या संघर्ष, समर्पण, ईमानदारी की अब कोई कीमत नहीं? क्या बूथ का कार्यकर्ता सिर्फ भीड़ बढ़ाने के लिए है?,कार्यकर्ता अब चुप नहीं है। वो पूछ रहा है –

जब हम ही रीढ़ हैं, तो हमें कुर्सी क्यों नहीं?
जब हम ही ताकत हैं, तो हमें टिकट क्यों नहीं?
जब हम ही चुनाव जिताते हैं, तो हम ही क्यों हारते हैं?

हर जिले में, हर विधानसभा में यही आवाज उठ रही है। कार्यकर्ता कह रहा है – हम अब किसी पैराशूट नेता के लिए झंडा नहीं ढोएंगे। हम अब किसी बाहरी के लिए दरी नहीं बिछाएंगे।

पार्टी को समझना होगा –पैराशूट नेता आता है, चुनाव लड़ता है, जीतता है, और फिर गायब हो जाता है। लेकिन कार्यकर्ता वहीं रहता है। गांव में, बूथ पर, जनता के बीच। जनता जब सवाल पूछती है, तो कार्यकर्ता को जवाब देना पड़ता है। जनता जब गुस्सा होती है, तो कार्यकर्ता को ही गाली सुननी पड़ती है।

पैराशूट नेता को जनता नहीं जानती, लेकिन कार्यकर्ता को जनता जानती है। पैराशूट नेता का जनता से कोई रिश्ता नहीं, लेकिन कार्यकर्ता का जनता से खून का रिश्ता है। फिर भी पार्टी उसी बाहरी को चुनती है, जिसने कभी किसी के सुख-दुख में हिस्सा नहीं लिया।