संविधान दिवस पर गूंजा ‘हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान’ का नारा, धानापुर के शहीदगांव के एनसीसी कैडेटों ने निकाली जागरूकता रैली
संविधान की असली ताकत उसके पन्नों में नहीं, बल्कि नागरिकों की जागरूकता, समानता के भाव और लोकतांत्रिक आचरण में निहित है। धानापुर के शहीदगांव में एनसीसी कैडेटों की यह पहल नई पीढ़ी को अधिकारों के प्रति सजग बनाने के साथ राष्ट्र और संविधान के प्रति कर्तव्यबोध जगाने का सशक्त संदेश है।

चंदौली, धानापुर। संविधान के सम्मान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का संदेश लेकर धानापुर ब्लॉक के शहीदगांव स्थित अमर शहीद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट एवं छात्र-छात्राएं संविधान दिवस पर सड़कों पर उतरे। 91 यूपी एनसीसी बटालियन मुगलसराय के समादेश अधिकारी कर्नल सुखवीर पुनिया के निर्देशन में विद्यार्थियों ने संविधान की शपथ ली और जागरूकता रैली निकालकर आम नागरिकों को मौलिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया।

हाथों में पोस्टर और बैनर लेकर निकले कैडेटों ने ‘हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान’ के नारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि संविधान केवल अधिकारों का आधार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक को उसके कर्तव्यों और राष्ट्रीय जिम्मेदारियों का बोध कराने वाला मार्गदर्शक भी है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मोती लाल ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को देश के कानून, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ होना बेहद जरूरी है। जागरूक और जिम्मेदार युवा ही राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख सकते हैं।
मेजर लाल बिहारी प्रसाद ने कहा कि हमारा संविधान महज कानूनों की किताब नहीं, बल्कि न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुत्व का जीवंत दस्तावेज है। संविधान प्रत्येक नागरिक को अधिकार प्रदान करता है, लेकिन अधिकारों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन भी उतना ही आवश्यक है। संविधान के आदर्शों को आत्मसात करना ही उसके प्रति सच्चा सम्मान है।

इस अवसर पर सूबेदार परमजीत सिंह, हवलदार पंकज पांडेय, आशुतोष सिंह, संतोष कुमार, राकेश सिंह, संतोष कुशवाहा, रामप्रकाश सिंह, जालिम सिंह, डॉ. रविकुमार, मृत्युंजय मौर्य, नागेंद्र बहादुर सिंह, संजय दास, सुशीला देवी, अंजनी देवी, सोनम मौर्य, पूजा कुशवाहा, पूजा गिरि, अरविंद निषाद, रमाशंकर तिवारी और प्रकाश जायसवाल सहित अन्य कर्मचारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वरिष्ठ कैडेट शुभम यादव, शुभम मिश्रा, अफरिन, ज्योति यादव और शिवांशी मिश्रा ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम का संचालन अमरेन्द्र कुमार सिंह ने किया।