सदर में एक के बाद एक अड्डे ध्वस्त, देह व्यापार और गांजा तस्करी के बाद अब शराब का गोदाम बेनकाब
सदर कोतवाली क्षेत्र में देह व्यापार, गांजा तस्करी और शराब के अवैध भंडारण का एक के बाद एक खुलासा स्थानीय पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। जब सीओ और नारकोटिक्स टीम के छापों में अवैध कारोबार की परतें खुल रही हैं और अब शराब का गोदाम भी पकड़ में आ रहा है, तो यह जानना जरूरी है कि स्थानीय पुलिस की नजरों से इतने बड़े नेटवर्क कैसे बचते रहे? असली कार्रवाई तभी मानी जाएगी, जब अड्डों पर मौजूद लोगों के साथ इनके संचालकों, आर्थिक मददगारों और संभावित संरक्षकों की भूमिका भी उजागर होगी। वरना एक ठिकाना ध्वस्त होगा और दूसरा खड़ा हो जाएगा।

आखिर पुलिस की निगरानी में इतने दिनों तक कैसे फलता-फूलता रहा अवैध कारोबार? सीओ और नारकोटिक्स टीम के छापों ने खोली पोल, क्या कार्रवाई के डर से अब टूट रहा अवैध धंधों का तिलिस्म?
चंदौली। सदर कोतवाली क्षेत्र में अवैध कारोबार के एक के बाद एक अड्डे बेनकाब हो रहे हैं। पहले देह व्यापार का ठिकाना उजागर हुआ, फिर गांजा तस्करी पर नारकोटिक्स टीम ने कार्रवाई की और अब शराब के अवैध भंडारण का बड़ा गोदाम पकड़ में आया है। लगातार हो रहे इन खुलासों ने स्थानीय पुलिस की निगरानी और कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा कर दिया है। सवाल है कि आखिर जिस क्षेत्र की जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस के कंधों पर है, वहां इतने बड़े अवैध कारोबार लंबे समय तक कैसे फलते-फूलते रहे?
भोर में छापा, मकान से मिला शराब का जखीरा
मंगलवार सुबह करीब 6:10 बजे कोतवाली पुलिस ने कैली रोड स्थित एक मकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान मकान के अंदर भारी मात्रा में अवैध शराब का भंडारण मिला। पुलिस ने मौके से 1,070 लीटर शराब, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP67W1979) और 26,570 रुपये नकद बरामद किए।
कार्रवाई के दौरान 10 पुरुष, दो महिलाएं और दो किशोर समेत कुल 14 लोगों को हिरासत में लिया गया। पकड़े गए अधिकांश लोग बिहार के औरंगाबाद, पटना, सहरसा और सिवान के निवासी बताए गए हैं, जबकि कुछ चंदौली के भी शामिल हैं।
बिहार भेजने के लिए बनाया गया था गोदाम
पुलिस के अनुसार, कैली रोड स्थित मकान का इस्तेमाल उत्तर प्रदेश से शराब एकत्र कर बिहार भेजने के लिए किया जा रहा था। बिहार में शराबबंदी के चलते तस्करों को इस अवैध कारोबार से मोटा मुनाफा मिल रहा था। इसी लालच में मकान को शराब के भंडारण और तस्करी के ठिकाने के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था।
इस मामले में कोतवाली में मु0अ0सं0-544/2026 के तहत धारा 60(1)/60/63 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
सीओ और नारकोटिक्स टीम के छापों ने खोली पोल
सदर कोतवाली क्षेत्र में हाल के दिनों में देह व्यापार और गांजा तस्करी के मामले भी सामने आए हैं। देह व्यापार के अड्डे पर सीओ की कार्रवाई और गांजा तस्करी के मामले में नारकोटिक्स टीम के छापे ने अवैध कारोबारियों के नेटवर्क को उजागर किया। अब शराब के बड़े भंडारण का खुलासा होने से स्थानीय पुलिस की सक्रियता पर भी सवाल उठने लगे हैं।
लगातार सामने आ रहे इन मामलों के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या स्थानीय पुलिस को अपने क्षेत्र में संचालित इन अवैध गतिविधियों की जानकारी नहीं थी? यदि जानकारी थी तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई? और यदि जानकारी नहीं थी तो पुलिस की निगरानी व्यवस्था आखिर किस काम की थी?
कार्रवाई गिरफ्तारी तक सीमित न रहे, सरगनाओं तक पहुंचे पुलिस
एक के बाद एक अवैध ठिकानों का उजागर होना पुलिस के लिए महज बरामदगी और गिरफ्तारी का मामला नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने की चुनौती है। मकान किसका है, शराब कहां से लाई जा रही थी, बिहार तक पहुंचाने की व्यवस्था कौन संभाल रहा था और इस कारोबार के पीछे असली मास्टरमाइंड कौन हैं, इन सवालों का जवाब जांच में सामने आना जरूरी है।
साथ ही यह भी जांच का विषय है कि इन ठिकानों को संचालित करने वालों को कहीं स्थानीय स्तर पर संरक्षण तो नहीं मिल रहा था। केवल मौके पर मौजूद लोगों को पकड़ने से अवैध कारोबार की जड़ें खत्म नहीं होंगी। कार्रवाई उन चेहरों तक भी पहुंचनी चाहिए, जिनके इशारे पर पूरा नेटवर्क संचालित हो रहा था।
एसपी की सख्ती के बीच स्थानीय पुलिस की जवाबदेही पर सवाल
एसपी की सख्ती के बीच लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध कारोबारियों में हलचल जरूर है, लेकिन एक के बाद एक सामने आ रहे ठिकाने स्थानीय पुलिस की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। अब देखना यह है कि पुलिस केवल अड्डों का खुलासा कर अपनी कार्रवाई दर्ज कराती है या फिर उन जिम्मेदार लोगों की भूमिका भी सामने लाती है, जिनकी कथित अनदेखी में ये कारोबार फलते-फूलते रहे।
कार्रवाई करने वाली टीम: प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक राजेश कुमार, मारकण्डेय सिंह, हरेन्द्र यादव, कांस्टेबल तनिष्क साहू, प्रियेश यादव, आदर्श शर्मा, महिला कांस्टेबल रागिनी सिंह और उर्वशी सिंह शामिल रहीं।