रामरजाय गोलीकांड में प्रयुक्त तमंचा बरामद

f528c17daf75
पुलिस रिमांड में आरोपी ने उगला राज, झाड़ियों से मिला हथियार
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के चर्चित रामरजाय गोलीकांड में पुलिस को अहम सफलता मिली है। पुलिस कस्टडी रिमांड पर लाए गए आरोपी चन्दन सिंह की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त 315 बोर का एक अवैध देशी तमंचा और एक फायरशुदा कारतूस बरामद किया गया है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोत्तरी करते हुए आरोपी को पुनः जिला कारागार वाराणसी भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को रामरजाय चौराहे के पास प्रकाशपुर निवासी विजय बहादुर सिंह के साथ ब्याज के पैसे के लेन-देन को लेकर मारपीट हुई थी। आरोप है कि इस दौरान अखिलेश सिंह, चन्दन सिंह और रतनराज सिंह ने फायरिंग की तथा तमंचे की बट से हमला कर विजय बहादुर सिंह को घायल कर दिया था। पीड़ित की तहरीर पर धानापुर थाने में संबंधित धाराओं एवं 7 सीएलए एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की विवेचना के दौरान आरोपी अखिलेश सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, जबकि दूसरे आरोपी चन्दन सिंह ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने न्यायालय से उसका पुलिस कस्टडी रिमांड प्राप्त किया।
शुक्रवार को प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्र के निर्देशन में उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह की टीम ने आरोपी को रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर ग्राम डबरिया जाने वाली सड़क के किनारे झाड़ियों से घटना में प्रयुक्त अवैध 315 बोर का तमंचा और एक फायरशुदा कारतूस बरामद किया।
पुलिस ने बताया कि बरामदगी के बाद मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 जोड़ते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को पुनः जिला कारागार वाराणसी भेज दिया गया। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *