हरिहरपुर में जानलेवा हमले के तीन आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे

aca920b95e8b

पुरानी रंजिश में फावड़े से वार, न्यायालय से भेजे गए जेल 

चंदौली। सकलडीहा कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें अग्रिम विधिक कार्रवाई के तहत भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई की रात करीब 9:30 बजे हरिहरपुर गांव निवासी एक व्यक्ति खेत से घर लौट रहा था। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही राहुल, रविन्द्र और राधेश्याम ने उसे रोक लिया।
गाली-गलौज के बाद आरोपियों ने उसके हाथ से फावड़ा छीनकर उसी से सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे रामप्रवेश के साथ भी मारपीट की गई तथा दोनों को जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के बाद आरोपी घायल को मृत समझकर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित की तहरीर पर सकलडीहा कोतवाली में बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में गठित टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए तीनों वांछित आरोपियों—राहुल (28), रविन्द्र (23) और राधेश्याम (30), निवासी हरिहरपुर—को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक दिनेश राम सहित कांस्टेबल रोहित कुमार गौड़, शब्बीर अहमद, शुभम शर्मा एवं सुधाकर पाण्डेय शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *