चंदौली में कानून-व्यवस्था बेपटरी! धानापुर में दिनदहाड़े महिला का बैग लेकर भागे उचक्के, बेटी की छेका रस्म पर फिरा पानी
धानापुर बाजार में बेटी की छेका रस्म के लिए खरीदारी करने पहुंची अनिता चौरसिया का बैग दिनदहाड़े चोरी हो गया। पीड़िता के अनुसार, बैग में 45 हजार रुपये नकद और सोने की अंगूठी थी। क्षेत्र में घरों और मंदिरों में चोरी की अन्य घटनाओं के बीच व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और मामलों का जल्द खुलासा करने की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए जांच कर रही है।
धानापुर (चंदौली)। बेटी की छेका रस्म की तैयारी में जुटी मां का बैग धानापुर बाजार में दिनदहाड़े चोरी हो गया। बैग में 45 हजार रुपये नकद और सोने की अंगूठी थी। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बीच इस वारदात से व्यापारियों और कस्बावासियों में आक्रोश है।

धानापुर थाना क्षेत्र के पपरौल गांव निवासी अनिता चौरसिया सोमवार को अपनी बेटी की छेका रस्म के लिए श्रृंगार और अन्य सामान खरीदने बाजार पहुंची थीं। वह कस्बे में बाबा वीर बौरहवा मंदिर के समीप स्थित अरविंद श्रृंगार एवं गिफ्ट कॉर्नर पर खरीदारी कर रही थीं। इसी दौरान उनका पैसों और आभूषणों से भरा बैग चोरी हो गया। पीड़िता के मुताबिक, बैग में 45 हजार रुपये नकद और एक सोने की अंगूठी थी।
बैग चोरी होने की जानकारी मिलते ही महिला स्तब्ध रह गई। बेटी की रस्म को लेकर की जा रही तैयारियों के बीच हुई इस घटना से परिवार की खुशियों पर पानी फिर गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के व्यापारी और स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
पीड़िता ने मामले की तहरीर पुलिस को दी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और महिला से जानकारी प्राप्त की। थाना प्रभारी सूर्य प्रकाश मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। सुराग मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लगातार चोरियों से बढ़ी चिंता, व्यापारियों में रोष
धानापुर थाना क्षेत्र में चोरी की लगातार सामने आ रही घटनाओं से लोगों की चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, अब चोर घरों और मंदिरों के साथ बाजार में खरीदारी करने पहुंचे लोगों को भी निशाना बना रहे हैं। दिनदहाड़े महिला का बैग चोरी होने की घटना ने बाजार की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, नरौली गांव में केशर गिरी के घर से 25 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान चोरी होने की घटना सामने आई थी। इसे गांव में चौथी चोरी बताया जा रहा है। वहीं, बिरना गांव में भानु मौर्य के बंद मकान से 1.60 लाख रुपये नकद और लाखों रुपये के आभूषण चोरी होने की जानकारी है।
आवाजापुर गांव में धर्मेंद्र सिंह के घर से करीब 10 लाख रुपये के आभूषण और नकदी चोरी होने की घटना भी सामने आई थी। इसके अलावा धानापुर कस्बे के हनुमान मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी होने तथा नरौली के काली मंदिर से घंटा और चांदी की आंखें चोरी किए जाने की घटनाएं भी बताई गई हैं।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर व्यापारियों और कस्बावासियों में नाराजगी है। उनका कहना है कि बाजार और गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा किया जाना चाहिए, ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम हो सके।
हालांकि, इन सभी घटनाओं के पीछे एक ही गिरोह का हाथ है या अलग-अलग लोग शामिल हैं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज से मामले में अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।