चंदौली में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, वीडियोग्राफी के बीच खोला गया EVM वेयरहाउस

चंदौली में विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों के तहत ईवीएम वेयरहाउस को 12 अक्टूबर को कड़ी सुरक्षा और वीडियोग्राफी के बीच खोला व बंद किया गया। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। प्रशासन ने कार्रवाई को निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप संपन्न कराया।

चंदौली। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के तहत जिला निर्वाचन कार्यालय स्थित ईवीएम वेयरहाउस को सोमवार, 12 अक्टूबर को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और वीडियोग्राफी के बीच खोला गया। ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) की प्रक्रिया के मद्देनजर वेयरहाउस खोलने और बंद करने की निर्धारित कार्रवाई की गई। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

फोटो: चंद्र मोहन गर्ग जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंदौली 

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन संबंधी तैयारियां की जा रही हैं। इसी क्रम में ईवीएम वेयरहाउस खोलने और बंद करने की प्रक्रिया निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूरी की गई।

प्रक्रिया के दौरान वेयरहाउस की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे और ईवीएम की सुरक्षा से जुड़े निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित हो सके।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे मौजूद

ईवीएम वेयरहाउस खोलने और बंद करने की प्रक्रिया के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। इनमें अपना दल (एस) के जिलाध्यक्ष उदित नारायण पटेल, कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष राकेश सिंह, आम आदमी पार्टी के जिला महासचिव संदीप सिंह, भारतीय जनता पार्टी के सदस्य हरेराम पाण्डेय, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर तथा बहुजन समाज पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष अजीत कुमार भारती शामिल रहे।

निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप होगी प्रक्रिया

प्रशासन के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के भंडारण, रखरखाव और सुरक्षा से संबंधित प्रक्रियाएं भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित मानकों के अनुसार संचालित की जाती हैं। एफएलसी के माध्यम से चुनाव में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की जांच की प्रक्रिया पूरी की जाती है।