चंदौली में ‘विकसित भारत विकसित उत्तर प्रदेश’ पर चित्रकला प्रतियोगिता, 196 बाल कलाकारों ने रंगों से उकेरी विकास की तस्वीर

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत रेवसा आईटीआई में आयोजित जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में 196 बाल कलाकारों ने ‘विकसित भारत विकसित उत्तर प्रदेश’ विषय पर चित्र बनाए। शीर्ष पांच प्रतिभागियों को विशेष पुरस्कार और सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।

चंदौली। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), रेवसा में जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। ‘विकसित भारत विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम पर हुई प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकास खंडों से पहुंचे 196 बाल कलाकारों ने चित्रों के जरिए विकास, प्रगति और आत्मनिर्भरता की अपनी कल्पनाओं को रंगों में उकेरा। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष पांच प्रतिभागियों को विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जबकि सभी 196 बच्चों को प्रतिभागिता प्रमाण पत्र दिए गए।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद साधना सिंह तथा विशिष्ट अतिथि विधायक सुशील सिंह, रमेश जायसवाल और कैलाश आचार्य मौजूद रहे। अतिथियों ने बाल कलाकारों की प्रतिभा का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।
राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज को एकजुट करने और विकास की नई दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। समाज के सभी वर्गों के सामूहिक प्रयास से ही सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का लक्ष्य पूरा किया जा सकता है।

विधायक सुशील सिंह ने कहा कि सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रम समाज की जड़ों को मजबूत करने के साथ ही युवा पीढ़ी को सही दिशा देने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मौजूद प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराने में ऐसे आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। क्षेत्र के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्धता जताते हुए उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के सकारात्मक प्रयासों को सहयोग देने की बात कही।

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत विकसित उत्तर प्रदेश’ की परिकल्पना को अपने-अपने चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया। रंगों और कल्पनाओं के जरिए बच्चों ने विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं को दर्शाया। प्रतियोगिता में शामिल बच्चों में उत्साह देखने को मिला।

प्रतियोगिता के परिणाम में कक्षा 7 की पिय, कम्पोजिट विद्यालय अलीनगर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा 8 के निहाल, उच्च प्राथमिक विद्यालय चकिया ने द्वितीय स्थान हासिल किया। कक्षा 8 की अनुप्रिया, उच्च प्राथमिक विद्यालय पगही, धानापुर को तृतीय स्थान मिला। कक्षा 8 की राधा कुमारी, उच्च प्राथमिक विद्यालय बहेरी, धानापुर चतुर्थ तथा कक्षा 7 की शिवानी गुप्ता, उच्च प्राथमिक विद्यालय तोरवा, धानापुर पंचम स्थान पर रहीं।

फोटो कैप्शन: रेवसा आईटीआई में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में प्रतिभाग करते बाल कलाकार।

कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार, सभी खंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विभागीय कर्मचारी और बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे। प्रतियोगिता के आयोजन से बच्चों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ ही विकास की अवधारणा को समझने और उसे कला के माध्यम से व्यक्त करने का अवसर मिला। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।