डीडीयू के 13,470 रेलकर्मियों को मिला 23.88 करोड़ बोनस, कैबिनेट की मंजूरी के अगले ही दिन जारी हुई राशि

डीडीयू मंडल के 13,470 गैर-राजपत्रित रेलकर्मियों के लिए 23.88 करोड़ रुपये का उत्पादकता आधारित बोनस जारी किया गया। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 78 दिनों के बोनस के तहत प्रत्येक पात्र कर्मचारी को अधिकतम 17,951 रुपये मिले।

चंदौली । डीडीयू मंडल के 13,470 रेलकर्मियों के लिए 23.88 करोड़ रुपये का बोनस जारी किया गया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल से वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 78 दिनों के उत्पादकता आधारित बोनस (पीएलबी) को मंजूरी मिलने के अगले ही दिन, 15 अक्टूबर को भुगतान की प्रक्रिया पूरी की गई।

मंडल के गैर-राजपत्रित रेलकर्मियों के लिए कुल 23 करोड़ 88 लाख 41 हजार 832 रुपये जारी किए गए। बोनस की गणना कार्य दिवसों के अनुपात में की गई है। इसके तहत प्रत्येक पात्र कर्मचारी को अधिकतम 17,951 रुपये का बोनस दिया गया।

मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना के दिशा-निर्देश पर कार्मिक और लेखा विभाग के समन्वय से भुगतान की प्रक्रिया पूरी हुई। कैबिनेट की मंजूरी के अगले ही दिन राशि जारी होने से मंडल के हजारों रेलकर्मियों को बोनस का लाभ मिला।