दो माह से वेतन न मिलने पर आरवाई परिसर के श्रमिकों का प्रदर्शन, मजदूरी बढ़ाने की मांग

1c2102292e20
समय पर वेतन, सुरक्षा उपकरण और बढ़ी हुई मजदूरी की मांग; मांगें पूरी न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

चंदौली। डीडीयू नगर स्थित आरवाई परिसर में कार्यरत वेल्डर, हेल्पर एवं अन्य श्रमिकों ने बुधवार को वेतन भुगतान में देरी, कम मजदूरी और सुरक्षा सुविधाओं के अभाव को लेकर ठेकेदार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। श्रमिकों का आरोप है कि पिछले करीब दो माह से उन्हें वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे।

प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों ने बताया कि वेल्डरों को प्रतिदिन 600 से 700 रुपये तथा हेल्परों को उचित मजदूरी मिलने के बजाय ठेकेदार के माध्यम से केवल 320 से 375 रुपये प्रतिदिन का भुगतान किया जा रहा है। इतना ही नहीं, प्रत्येक माह की 10 तारीख को कार्य अवधि पूरी होने के बावजूद वेतन 50 दिन या उससे अधिक समय बाद दिया जाता है। श्रमिकों ने मांग की कि प्रत्येक माह की 15 तारीख तक उनका वेतन सीधे बैंक खातों में भेजा जाए।
श्रमिकों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का भी आरोप लगाया। उनका कहना था कि हेलमेट, सेफ्टी शूज़, दस्ताने सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण समय पर उपलब्ध नहीं कराए जाते, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। उन्होंने कार्यस्थल पर सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की।
दीपक कुमार, कार्तिक यादव और गुलजार अली सहित कई श्रमिकों ने कहा कि वर्तमान मजदूरी में परिवार का भरण-पोषण करना बेहद कठिन हो गया है। उन्होंने हेल्परों का दैनिक वेतन कम से कम 500 रुपये तथा वेल्डरों का 700 से 800 रुपये प्रतिदिन निर्धारित करने, समय पर वेतन भुगतान, सवैतनिक अवकाश और बेहतर कार्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
धरना-प्रदर्शन में नंदलाल कुमार, अमित पटेल, जयकुमार यादव, रवि रावत, कुलभूषण, विष्णु अंसारी, इश्तियाक अहमद, पंकज यादव, सोनू, सुजीत यादव, सत्य यादव, नितिन, विक्की यादव, सरवन, बृजेश कुमार, जितेंद्र ठाकुर, मुन्ना ठाकुर, आकाश यादव, दिनेश यादव, दिलशाद अली, संदीप यादव, जुल्फिकार अली, देवेंद्र मलिक, बाबू और जय यादव सहित बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे।श्रमिकों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *