फर्जी नंबर प्लेट के सहारे चोरी की बाइक चला रहा था आरोपी, पुलिस ने भेजा जेल

8b19cdc1b9dd
चंदौली। मुगलसराय पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसका इस्तेमाल कर रहे एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की एक हीरो होंडा स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को शिवाला चौकी के सामने संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध बाइक सवार को रोककर जांच की। जांच में पता चला कि बाइक चोरी की है और उस पर पहचान छिपाने के लिए फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान गोविन्द यादव (35 वर्ष) पुत्र स्व. मुक्खू यादव, निवासी नई बस्ती मवईकला, थाना मुगलसराय, जनपद चंदौली के रूप में हुई। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना मुगलसराय में मु0अ0सं0 374/2026 के तहत धारा 238, 317(2) एवं 317(5) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने मोटरसाइकिल के चोरी का होने की जानकारी होने के बावजूद उसे एक व्यक्ति से कम कीमत पर खरीदा था। कुछ समय तक उसने बाइक को घर में छिपाकर रखा और बाद में उसकी पहचान छिपाने के लिए उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर इस्तेमाल करने लगा।
पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से हीरो होंडा स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल (वास्तविक नंबर UP60N8291, फर्जी नंबर प्लेट UP65AM3939) तथा एक मोटोरोला कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पहले भी थाना मुगलसराय में आपराधिक मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी शिवाला उपनिरीक्षक सतीश प्रकाश, हेड कांस्टेबल रवि यादव तथा कांस्टेबल विकास यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *