नशा समाज और राष्ट्र की प्रगति में सबसे बड़ी बाधा : प्रो. प्रदीप कुमार पाण्डेय

40665aa0eb72

सकलडीहा पीजी कॉलेज में नशामुक्ति का संकल्प, छात्र-छात्राओं को दिलाई गई शपथ


सटीक संवाद,चंदौली। सकलडीहा पीजी कॉलेज में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की प्रथम एवं द्वितीय इकाई के संयुक्त तत्वावधान में ‘नशा मुक्त भारत अभियान पखवाड़ा’ के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ, अनुशासित एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पाण्डेय ने की। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार, समाज और राष्ट्र की प्रगति में भी बाधा उत्पन्न करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहकर सकारात्मक सोच, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना के वरिष्ठ कार्यक्रम अधिकारी डॉ. श्यामलाल यादव ने कहा कि यदि युवा वर्ग नशे से दूर रहकर अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहे तो वह समाज में सकारात्मक परिवर्तन का वाहक बन सकता है। उन्होंने स्वयंसेवकों से नशा मुक्त भारत अभियान को जन-जागरूकता आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
द्वितीय इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. योगेन्द्र तिवारी ने कहा कि नशा व्यक्ति की प्रतिभा, ऊर्जा और उज्ज्वल भविष्य को नष्ट कर देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संयमित एवं अनुशासित जीवन अपनाने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज के लोगों को भी नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान सभी छात्र-छात्राओं एवं स्वयंसेवकों को किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने की सामूहिक शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर प्रो. दयाशंकर सिंह यादव, डॉ. पवन कुमार ओझा, डॉ. अमन मिश्रा सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन नशामुक्त, स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *