रमरजाय चट्टी पर पैसे के विवाद में चली गोली, भीड़ ने दोनों पक्षों को पकड़ा, किया पुलिस के हवाले

f9adc19002db
चंदौली के धानापुर थाना क्षेत्र में रमरजाय चट्टी पर रविवार शाम पैसे के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में हुए विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने असलहे से फायरिंग कर दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल पर मौजूद भीड़ ने दोनों पक्षों को नियंत्रण में लेकर मौके पर पहुंची पुलिस को सौंप दिया। तनाव को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिए गए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस को बतया कि विवाद डबरिया गांव निवासी अखिलेश सिंह उर्फ लाखन सिंह तथा धीना थाना क्षेत्र के महुरा निवासी कलाधर सिंह उर्फ लालबहादुर सिंह के बीच ब्याज पर लिए–दिये पैसे को लेकर हुआ। शुरुआती बातचीत के बाद कहासुनी बढ़कर मारपीट में बदल गई और इसी दौरान एक पक्ष के व्यक्ति ने असलहा निकालकर हवाई फायरिंग की।
सकलडीहा के क्षेत्राधिकारी (CO) कृष्ण मुरारी शर्मा घटनास्थल पर तुरंत पहुँचकर स्थिति को काबू में करने लगे। उन्होंने बताया कि रमरजाय चट्टी के पास दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई थी, जिसमें एक व्यक्ति ने असलहे से हवाई फायरिंग की। घटनाक्रम की पुष्टि के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फूटेज में एक व्यक्ति को असलहे की मुठिया से मारते हुए भी देखा गया है।
सीओ ने बताया कि दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मारपीट में घायल कलाधर सिंह उर्फ लालबहादुर सिंह को प्राथमिक चिकित्सा के बाद आवश्यक मेडिकल सुविधा दिलवाई जा रही है। घटना के कारण किसी की मृत्यु की सूचना नहीं मिली है। 
पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना आरंभ कर दी है और हथियार तथा अन्य साक्ष्यों की तलाश जारी है। पुलिस ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा है कि जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *