डॉ. सोनाली मिश्रा ने महिलाओं और युवतियों को स्वास्थ्य के प्रति किया जागरूक
आयरन, कैल्शियम, ग्लूकोज और ओआरएस के पैकेट सहित अन्य दवाइयां वितरित
चंदौली, 21मार्च 2025, सटीक संवाद। जिले के धानापुर कस्बा स्थित सेवा सदन हॉस्पिटल में महिलाओं के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में डॉ. सोनाली मिश्रा ने महिलाओं और युवतियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया.
डॉक्टर ने महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं सुनी. उन्होंने आवश्यकतानुसार आयरन, कैल्शियम, ग्लूकोज और ओआरएस के पैकेट सहित अन्य दवाइयां वितरित की. ग्रामीण महिलाओं को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई. किसी भी बीमारी के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने को कहा गया.
बांझपन रोग विशेषज्ञ डॉ. सोनाली मिश्रा ने महिलाओं में बांझपन के विभिन्न कारणों की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि यह समस्या गर्भाशय की बीमारी, श्वेत प्रदर या अनियमित मासिक धर्म से जुड़ी हो सकती है. हॉर्मोनल असंतुलन, शराब और नशीली दवाओं का सेवन भी इसका कारण हो सकता है. डॉक्टर ने महिलाओं को हड्डियों को मजबूत करने वाले व्यायाम और नियमित योग करने की सलाह दी.
कार्यक्रम में प्रीती मौर्या, मुकेश मौर्या, अभिषेक सिंह, राधिका, सुनीता दुबे, अनीता देवी, संगम देवी, पूनम देवी सहित कई लोग मौजूद रहे।