बिहार तस्करी से पहले पुलिस का बड़ा एक्शन, ट्रक से 115 पेटी अवैध देशी शराब बरामद

52f562d7d742
1035 लीटर शराब और ट्रक जब्त, बिहार के चालक को गिरफ्तार; शराब की कीमत करीब 4 लाख रुपये
चंदौली, 14 जुलाई। बिहार में तस्करी के लिए ले जाई जा रही अवैध देशी शराब की बड़ी खेप को थाना अलीनगर पुलिस ने समय रहते पकड़ लिया। मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक ट्रक से 115 पेटी (1035 लीटर) अवैध देशी शराब बरामद करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, उच्चाधिकारियों के निर्देशन एवं प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस टीम ने 13 जुलाई को भारत पेट्रोलियम के मुख्य गेट से लगभग 500 मीटर पहले ग्राम सरेसर के पास चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान तेज गति से आ रहे ट्रक UP65BT3990 को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी में ट्रक के डाले से 23 बोरियों में रखी 115 पेटी ब्लू लाइम देशी शराब बरामद हुई। प्रत्येक पेटी में 45 टेट्रा पैक (200 एमएल) मिले, जिनकी कुल मात्रा 1035 लीटर निकली। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक राकेश कुमार (28 वर्ष) पुत्र रामेश्वर शाह, निवासी ग्राम सोनहर, थाना शिवसागर, जिला रोहतास (बिहार) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वाहन स्वामी वाराणसी से शराब लोड कर उसे बिहार पहुंचाने के लिए देता था, जिसके बदले उन्हें अच्छा मुनाफा मिलता था। उसने बताया कि रिंग रोड पर पचपेड़वा के पास बोल्डर लगे होने के कारण वह इस वैकल्पिक मार्ग से जा रहा था, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
इस मामले में थाना अलीनगर पर मु.अ.सं. 445/2026 के तहत धारा 60/63 आबकारी अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक पंकज कुमार सिंह, उपनिरीक्षक धुरेंद्र प्रसाद, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार मौर्य, कांस्टेबल राहुल सिंह तथा महिला कांस्टेबल विपिन कुमार गुप्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *