छात्रवृत्ति पोर्टल की तकनीकी समस्या से कक्षा 9-12 के छात्र परेशान आवेदन अटका, साइबर व CSC केंद्रों के चक्कर लगा रहे विद्यार्थी

छात्रवृत्ति पोर्टल पर लगातार तकनीकी दिक्कतों के कारण कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के आवेदन प्रभावित हैं। बैंक डिटेल, ‘कमिंग सून’ और ऑटो लॉगआउट की समस्या से परेशान छात्र बार-बार साइबर व CSC केंद्रों के चक्कर लगा रहे हैं।

चंदौली। कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों के छात्रवृत्ति आवेदन में छात्रवृत्ति पोर्टल की तकनीकी समस्या बाधा बनी हुई है। पिछले करीब एक महीने से अलग-अलग तकनीकी दिक्कतों के चलते विद्यार्थी आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे हैं। कभी बैंक संबंधी जानकारी खोजने में समस्या आ रही है तो कभी पोर्टल पर ‘कमिंग सून’ दिखाई दे रहा है। अब विद्यार्थियों के पोर्टल से अपने आप लॉगआउट होने की शिकायत सामने आ रही है। इससे छात्र बार-बार साइबर और CSC केंद्रों के चक्कर लगाने के बाद भी मायूस होकर लौट रहे हैं।

बताया जा रहा है कि छात्रवृत्ति आवेदन शुरू होने के बाद से ही पोर्टल पर तकनीकी परेशानियां बनी हुई हैं। शुरुआत में बैंक डिटेल फाइंड करने में समस्या आई। इसके बाद ‘कमिंग सून’ का संदेश दिखाई देने लगा। विद्यार्थियों ने समस्या ठीक होने का इंतजार किया, लेकिन अब लॉगआउट की दिक्कत सामने आने से आवेदन प्रक्रिया और प्रभावित हो गई है।

छात्रों का कहना है कि वे आवेदन कराने के लिए साइबर और CSC केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। केंद्र संचालक भी पोर्टल की तकनीकी स्थिति के कारण आवेदन पूरा नहीं कर पा रहे हैं। कई विद्यार्थी एक ही समस्या को लेकर बार-बार केंद्रों पर पहुंच रहे हैं और अंत में निराश होकर घर लौटने को मजबूर हैं।

आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति पढ़ाई में महत्वपूर्ण सहारा है। ऐसे में आवेदन प्रक्रिया बाधित होने से विद्यार्थियों और अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। छात्रों को आशंका है कि यदि तकनीकी समस्या समय रहते दूर नहीं हुई तो वे छात्रवृत्ति आवेदन से वंचित हो सकते हैं।

विद्यार्थियों ने संबंधित विभाग से छात्रवृत्ति पोर्टल की तकनीकी खामियों को जल्द दूर कराने और आवेदन प्रक्रिया सुचारु कराने की मांग की है, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी तकनीकी समस्या के कारण छात्रवृत्ति से वंचित न रह जाए।