चंदौली में शव रखकर हाईवे जाम करने पर 23 नामजद समेत 115 अज्ञात पर मुकदमा
शव रखकर हाईवे जाम करने के मामले में अलीनगर पुलिस ने 23 नामजद समेत 110-115 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार जाम से एंबुलेंस और आम यातायात प्रभावित हुआ था।
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के सकलडीहा तिराहे पर शव रखकर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम करने के मामले में पुलिस ने 23 नामजद समेत 110 से 115 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार 5 अक्टूबर की शाम आयुष अस्पताल, आलूमिल के पास लोगों ने बांस-बल्ली लगाकर मुगलसराय-चकिया मार्ग की दोनों लेन जाम कर दी थीं। इससे एंबुलेंस समेत आम वाहनों की आवाजाही बाधित हुई। एसडीएम और सीओ पीडीडीयू नगर के समझाने के बाद जाम खुल सका।

पुलिस के मुताबिक, मृतक पुनवासी चौहान, निवासी वार्ड नंबर-03 अलीनगर, के परिजनों के साथ करीब 130 से 140 लोग सड़क पर जुटे थे। आरोप है कि सभी ने हाईवे की दोनों लेन बाधित कर नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने कई बार समझाकर सड़क खाली कराने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ नहीं हटी। स्थिति बिगड़ने पर मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर ने लोगों को समझाया, जिसके बाद यातायात बहाल कराया गया।
मामले में उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव की तहरीर पर अलीनगर थाने में मुकदमा संख्या 0618/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने धारा 285, 126(2), 189(2) बीएनएस और धारा 7 आपराधिक कानून (संशोधन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
मुकदमे में राहुल चौहान, राहुल, जय सिंह, भदई चौहान, गुलाब पटेल, मो. मुस्ताक कुरैशी उर्फ मुमताज कुरैशी, राजकुमार, बब्लू यादव, कान्ता पासवान, बंसनारायण चौहान, अजीत पासवान, विकास, अजय चौहान, वीरेन्द्र आर्या, संदीप, निखिल, गोलू, राहुल, सनी, आकाश, लकी, जानू और विक्की को नामजद किया गया है। इसके अलावा 110 से 115 अज्ञात महिला-पुरुषों को भी आरोपी बनाया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।