पूजा स्पेशल ट्रेनों से यात्रियों को राहत, डीडीयू से गुजरेंगी 12 ट्रेनें

त्योहारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने डीडीयू के रास्ते 12 पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन/विस्तार किया है। इनमें मुंबई, पुणे, अहमदाबाद, वलसाड, अजमेर, जोधपुर, कोटा और बिहार के बीच अतिरिक्त रेल सेवा उपलब्ध

डीडीयू, चंदौली। आगामी पर्व-त्योहारों में बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने विभिन्न शहरों के लिए पूजा स्पेशल ट्रेनों का परिचालन शुरू किया है। पुणे, मुंबई, अहमदाबाद, वलसाड, अजमेर, जोधपुर और कोटा समेत कई शहरों को जोड़ने वाली 12 स्पेशल ट्रेनों का परिचालन डीडीयू के रास्ते किया जा रहा है। इनमें कई ट्रेनें अक्टूबर-नवंबर तक चलेंगी, जिससे त्योहारों पर घर आने-जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

रेलवे के अनुसार, लोकमान्य तिलक-समस्तीपुर स्पेशल (01043/01044) 13 अक्टूबर से 17 नवंबर तक मंगलवार को चलेगी। यह ट्रेन डीडीयू से होकर समस्तीपुर जाएगी। वापसी में 15 अक्टूबर से 19 नवंबर तक गुरुवार को समस्तीपुर से लोकमान्य तिलक के लिए चलेगी।

लोकमान्य तिलक-दानापुर स्पेशल (01143/01144) का परिचालन 9 अक्टूबर से 23 नवंबर तक किया जा रहा है। यह ट्रेन प्रतिदिन डीडीयू के रास्ते चलेगी और डीडीयू पर दोनों दिशाओं में ठहराव दिया गया है।

इसी क्रम में रक्सौल-लोकमान्य तिलक स्पेशल (05557/05558) 6 अक्टूबर से 26 नवंबर तक निर्धारित दिनों में चलेगी। ट्रेन डीडीयू के साथ हाजीपुर और पाटलिपुत्र होते हुए मुंबई क्षेत्र को जोड़ेगी।

सहरसा-लोकमान्य तिलक स्पेशल (05585/05586) भी 27 नवंबर तक निर्धारित दिनों में संचालित होगी। यह ट्रेन सहरसा से चलकर समस्तीपुर, हाजीपुर, पाटलिपुत्र होते हुए डीडीयू पहुंचेगी और आगे लोकमान्य तिलक जाएगी।

पुणे और बिहार के बीच यात्रियों की सुविधा के लिए पुणे-दानापुर स्पेशल (01449/01450) का भी परिचालन किया जा रहा है। यह ट्रेन 30 नवंबर तक प्रतिदिन पुणे से तथा 2 दिसंबर तक प्रतिदिन दानापुर से चलेगी। दोनों दिशाओं में डीडीयू पर ठहराव रहेगा।

वहीं मुजफ्फरपुर-हडपसर (पुणे) स्पेशल (05589/05590) 6 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार और गुरुवार को संचालित होगी। ट्रेन डीडीयू के साथ हाजीपुर, पाटलिपुत्र, दानापुर, आरा और बक्सर स्टेशनों से होकर चलेगी।

राजस्थान और बिहार के बीच श्रीगंगानगर-समस्तीपुर स्पेशल (04731/04732) भी चलाई जा रही है। यह ट्रेन गोरखपुर और हाजीपुर के रास्ते समस्तीपुर पहुंचेगी। इसके अलावा अहमदाबाद-दरभंगा स्पेशल (09465/09466) का परिचालन 16 अक्टूबर से 16 नवंबर तक निर्धारित दिनों में होगा।

वलसाड-दानापुर स्पेशल (09025/09026) के परिचालन का विस्तार पूजा स्पेशल के रूप में किया गया है। यह ट्रेन 23-24 नवंबर तक डीडीयू के रास्ते चलेगी।

रेलवे ने राजस्थान से बिहार आने-जाने वाले यात्रियों के लिए भी विशेष व्यवस्था की है। मदार (अजमेर)-पटना स्पेशल (09601/09602) 26-27 नवंबर तक चलेगी। इसी तरह भगत की कोठी (जोधपुर)-दानापुर स्पेशल (04813/04814) 7 अक्टूबर से 26 नवंबर तक निर्धारित दिनों में संचालित होगी।

इसके अलावा सोगरिया (कोटा)-दानापुर स्पेशल (09823/09824) भी 10 अक्टूबर से 16 नवंबर तक निर्धारित दिनों में चलेगी। इस ट्रेन का मार्ग डीडीयू, बक्सर और आरा होते हुए दानापुर तक रहेगा।

रेलवे के इस कदम से त्योहारों के दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान के बीच सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त ट्रेनों का विकल्प मिलेगा। डीडीयू मंडल से गुजरने वाली इन स्पेशल ट्रेनों में कई प्रमुख स्टेशनों पर निर्धारित ठहराव दिए गए हैं।