कार्मिक शाखा आपके द्वार से 150 परिवाद निस्तारित डीडीयू मंडल में 350 परिवाद मिले, 200 ऑनलाइन दर्ज

“कार्मिक शाखा आपके द्वार” अभियान में करीब 350 परिवाद मिले। 150 का मौके पर निस्तारण हुआ, जबकि 200 मामलों पर ऑनलाइन कार्रवाई जारी है। अभियान का लक्ष्य कर्मचारी समस्याओं का त्वरित समाधान और कार्मिक सेवाओं को कार्यस्थल तक पहुंचाना है।

डीडीयू नगर, चंदौली। डीडीयू मंडल में “कार्मिक शाखा आपके द्वार” अभियान के तहत करीब 350 कर्मचारी परिवाद मिले, जिनमें 150 का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं 200 मामलों को ऑनलाइन दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। अभियान 2 सितंबर से 5 अक्टूबर तक मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना के निर्देश पर चलाया गया।

अभियान के तहत कार्मिक शाखा के कर्मचारी विभिन्न स्टेशनों, कार्यालयों और कार्यस्थलों पर पहुंचे और कर्मचारियों की समस्याएं सीधे सुनीं। शिविरों में संबंधित लिपिकों की मौजूदगी से मामलों की जांच और समाधान की प्रक्रिया तेज हुई।

डीडीयू, गया, चंदौली, भभुआ, डेहरी-ऑन-सोन, सासाराम, विक्रमगंज, अंकोरहा और जपला सहित विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाए गए। डीडीयू जंक्शन के वैगन केयर सेंटर, डाउन रिसीविंग यार्ड, विद्युत पावर, पी-वे, रेलवे अस्पताल, मंडल कार्यालय, स्टेशन अधीक्षक कार्यालय और क्रू लॉबी में भी कर्मचारियों से परिवाद लिए गए।

कर्मचारियों ने वरिष्ठता, पदोन्नति, एमएसीपी, वेतन निर्धारण, स्थानांतरण, भत्ते और बकाया भुगतान से जुड़े मामले रखे। इसके अलावा आवास, अवकाश नकदीकरण, शिशु शिक्षा भत्ता, पेंशन, पारिवारिक पेंशन, अनुकंपा नियुक्ति तथा एचआरएमएस और आईपीएएस से जुड़े मामलों की भी जानकारी दी गई।

मौके पर समाधान योग्य मामलों का तत्काल निस्तारण किया गया, जबकि अन्य मामलों को आंतरिक ऑनलाइन प्रणाली में दर्ज कर संबंधित विभागों को भेजा गया है। वर्तमान में चल रहे विशेष अभियान 6.0 में भी कर्मचारी परिवादों के समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया जा रहा है।

रेल प्रशासन का उद्देश्य कर्मचारियों को समस्याओं के लिए कार्यालय आने की जरूरत कम करना और कार्मिक सेवाओं को सीधे कार्यस्थल तक पहुंचाना है। समस्याओं के त्वरित समाधान से कर्मचारियों को अपने कार्य पर अधिक एकाग्रता के साथ काम करने में मदद मिलेगी, जिसका सकारात्मक असर रेल सेवाओं के संचालन पर भी पड़ेगा।