पटना–नई दिल्ली के बीच चलेगी वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल, डीडीयू जंक्शन पर भी ठहराव

त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए पटना–नई दिल्ली के बीच 16 कोच वाली वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल चलेगी। ट्रेन का ठहराव पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन सहित प्रमुख स्टेशनों पर होगा।

हाजीपुर। त्योहारों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने पटना और नई दिल्ली के बीच 16 कोच वाली वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 02252/02251 के रूप में संचालित यह स्पेशल ट्रेन अलीगढ़, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा में रुकेगी।

नई दिल्ली से पटना का समय

गाड़ी संख्या 02252 नई दिल्ली–पटना वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल नई दिल्ली से 16 और 18 अक्टूबर को तथा 21 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शनिवार को चलेगी।

ट्रेन नई दिल्ली से सुबह 8:35 बजे रवाना होकर 10:21 बजे अलीगढ़, दोपहर 1:30 बजे कानपुर सेंट्रल, 3:45 बजे प्रयागराज, शाम 6 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, 7:26 बजे बक्सर और 8:10 बजे आरा पहुंचेगी। इसके बाद उसी दिन रात 9:30 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी।

पटना से नई दिल्ली का समय

वापसी में गाड़ी संख्या 02251 पटना–नई दिल्ली वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल पटना से 17 और 19 अक्टूबर को तथा 22 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और रविवार को संचालित होगी।

यह ट्रेन पटना से सुबह 10 बजे रवाना होकर 10:38 बजे आरा, 11:25 बजे बक्सर, दोपहर 1:10 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, 3:35 बजे प्रयागराज, शाम 5:50 बजे कानपुर सेंट्रल और रात 8:53 बजे अलीगढ़ पहुंचेगी। ट्रेन उसी दिन रात 11:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

त्योहारों में यात्रियों को मिलेगी सुविधा

रेलवे के अनुसार, त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। 16 कोच वाली यह वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल पटना और नई दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराएगी।