चन्दौली में दहेज हत्या के तीन आरोपियों को बबुरी पुलिस ने दबोचा

दहेज हत्या जैसे गंभीर मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी न्याय की दिशा में अहम कदम है। हालांकि, पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए निष्पक्ष जांच, साक्ष्यों का संकलन और समयबद्ध कानूनी कार्रवाई जरूरी है।

चन्दौली। बबुरी थाना क्षेत्र में दहेज हत्या के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने शनिवार को शाहपुर मोड़ से दोपहर करीब 12:10 बजे गिरफ्तार किया। वहीं तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मामले में 14 अक्टूबर 2026 को थाना बबुरी में मुकदमा अपराध संख्या 152/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 85 व 80(2) तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से ही तीनों आरोपी फरार चल रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुन्ना (50 वर्ष), उनके पुत्र चन्द्रेश (26 वर्ष) और बसन्ती (45 वर्ष), निवासी अकोढ़ाकलां, थाना बबुरी, जनपद चन्दौली के रूप में हुई है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अजय कुमार यादव, उपनिरीक्षक संजीत कुमार सिंह, कांस्टेबल अमित कुमार, महिला कांस्टेबल ममता मौर्या, कांस्टेबल अजीत चौहान, सोहित सिंह और दिग्विजय सिंह शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।