समस्तीपुर में चंदौली के अवनीश मौर्य की गोली मारकर हत्या, सोनभद्र से हरी मिर्च लेकर सहरसा जा रहा था
बिहार के समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में 16 अक्टूबर की सुबह करीब 3:30 बजे चंदौली के खगवल गांव निवासी पिकअप चालक अवनीश कुमार मौर्य उर्फ कल्लू की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह सोनभद्र के मधुपुर से हरी मिर्च लेकर सहरसा जा रहा था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान का पता लगाया जा रहा है।
समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार, 16 अक्टूबर की अहले सुबह अज्ञात अपराधियों ने चंदौली निवासी पिकअप चालक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना सिंघियाघाट-रोसड़ा मुख्य मार्ग पर सलखन्नी चौक बांध के समीप हुई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के खगवल गांव निवासी गोरखनाथ मौर्य के करीब 25 वर्षीय पुत्र अवनीश कुमार मौर्य उर्फ कल्लू के रूप में हुई है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि मृतक के परिवार में मातम पसरा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवनीश पिकअप लेकर सोनभद्र जिले के मधुपुर से हरी मिर्च लादकर बिहार के सहरसा जा रहा था। शुक्रवार की सुबह करीब 3:30 बजे सलखन्नी चौक बांध के पास अज्ञात हमलावरों ने उसे गोली मार दी। वारदात के बाद पिकअप बूढ़ी गंडक नदी पुल के पास तिरछा खड़ा हो गया, जिससे सड़क पर यातायात बाधित हो गया।
चालक की सीट पर खून से लथपथ मिला शव
स्थानीय लोगों ने पिकअप के पास जाकर देखा तो चालक की सीट पर अवनीश का शव खून से लथपथ पड़ा था। उसके कमर से ऊपर बाईं ओर सीने के नजदीक गोली लगने का निशान बताया गया है। घटना की सूचना ग्रामीणों ने विभूतिपुर थाने की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की जानकारी दी।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच के तहत आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है और हमलावरों की पहचान भी नहीं हुई है। पुलिस लूटपाट समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि, वारदात में लूटपाट की पुष्टि अभी नहीं हुई है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, गिरफ्तारी की मांग
हत्या की सूचना मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। युवक का शव देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। ग्रामीणों के मुताबिक, अवनीश मेहनती और मिलनसार युवक था। उसकी हत्या से गांव में शोक का माहौल है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।